
x
छत्तीसगढ़
Surajpur सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सोनगरा-खडग़ंवा मार्ग पर स्थित सुखदेवपुर की बांक नदी पुलिया बुधवार को अचानक ध्वस्त हो गई। पुलिया के टूटने से क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से South Eastern Coalfields Limited (SECL) की भटगांव क्षेत्र स्थित महान-3 कोयला खदान से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी, लेकिन मरम्मत और मजबूती को लेकर संबंधित विभाग और प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार भारी वाहनों के दबाव के चलते आखिरकार पुलिया भरभराकर टूट गई। घटना के बाद क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पुलिया ध्वस्त होने से महान-3 खदान से कोयला परिवहन पर भी असर पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक अब कोयला लदे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से प्रतापपुर होते हुए अंबिकापुर की ओर भेजे जाने की संभावना है। इससे अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ सकता है, जिसके कारण ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था करने और पुलिया के पुनर्निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुलिया टूटने से दैनिक जीवन, बाजार, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच प्रभावित हो रही है। प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
Tagsसूरजपुर पुलिया हादसाबांक नदी पुलियासोनगरा-खडगंवा मार्गSECLकोयला परिवहनपुलिया ध्वस्तग्रामीण संपर्क बाधितछत्तीसगढ़ समाचारभारी वाहन दबावसड़क यातायात प्रभावितSurajpur culvert accidentBank river culvertSonagar-Khadagwan roadcoal transportationculvert collapsesrural connectivity disruptedChhattisgarh newsheavy vehicle pressureroad traffic affected
Next Story





