छत्तीसगढ़

बैंक मैनेजर ने किया 50 लाख का घोटाला, दो साल बाद उड़ीसा से गिरफ्तार कर लाई पुलिस

Shantanu Roy
11 Sep 2021 3:01 AM GMT
बैंक मैनेजर ने किया 50 लाख का घोटाला, दो साल बाद उड़ीसा से गिरफ्तार कर लाई पुलिस
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के छह किसानों के नाम पर 50 लाख का लोन निकलकर फरार होने वाले बैंक मैनेजर को दो साल बाद पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार किया है। उसके साथी को पुलिस ने पहले ही पकड़ लिया था। सरकंडा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि ओडिशा के अंगुल निवासी प्रबोध कुमार दास 2016 में एक्सिस बैंक राजकिशोर नगर ब्रांच में डिप्टी मैनेजर था। इस दौरान उसने हिर्री क्षेत्र के धौंराभाठा निवासी हीरालाल साहू के साथ मिलकर छह किसानों के नाम पर अलग-अलग कर 50 लाख रुपए का लोन निकलवा लिया। इसकी जानकारी किसानों को नहीं थी। लोन की किस्त जमा नहीं होने पर बैंक की ओर से किसानों को पत्र भेजा गया।

धोखाधड़ी की जानकारी होने पर किसानों ने सरकंडा थाने में शिकायत की। मामला खुलने के बाद बैंक मैनेजर फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने उसके साथी हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया। बाद में 2019 में दो और किसानों बैंक मैनेजर के खिलाफ शिकायत की। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर फरार बैंक मैनेजर की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपित ओडिशा में रहकर निजी बैंक में नौकरी कर रहा है। इस पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपित बैंक मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया।
जमानत मिलने पर फरार हो गया हीरालाल
सरकंडा थाना प्रभारी ने बताया कि 2016 में दर्ज चार प्रकरण में पुलिस ने आरोपित हीरालाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद 2019 में दो और प्रकरण दर्ज किए गए। इस बीच आरोपित की जमानत हो गई थी। जमानत मिलने के बाद आरोपित फरार हो गया। दो मामलों में आरोपित हीरालाल की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
Next Story
© All Rights Reserved @ 2023 Janta Se Rishta