छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार-भाटापारा औद्योगिक हादसा, सख्त कार्रवाई की मांग

Nilmani Pal
28 Jan 2026 9:04 AM IST
बलौदाबाजार-भाटापारा औद्योगिक हादसा, सख्त कार्रवाई की मांग
x

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के अंतर्गत ग्राम धौराभाठा स्थित मेसर्स रियल इस्पात एण्ड एनर्जी प्रा. लि. के कारखाना परिसर में घटित भीषण औद्योगिक दुर्घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, चिंताजनक एवं मानवता को झकझोर देने वाली घटना है।

इस हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रमिकों का वर्तमान में उपचार जारी है। 2 घायल रायपुर एवं 3 घायल बिलासपुर के निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। आज घायल श्रमिकों में से दो से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना गया तथा अस्पताल प्रबंधन से यह स्पष्ट मांग की गई कि उन्हें सर्वोत्तम एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

दिनांक 22 जनवरी 2026 को प्रातः लगभग 9:40 बजे, किल्न क्रमांक–01 के डस्ट सेटलिंग चेंबर के द्वितीय तल में कार्य के दौरान अचानक हुए विस्फोट एवं अत्यधिक गर्म ऐश की बौछार से 6 श्रमिकों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि 5 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए। घटना के समय चेंबर के भीतर लगभग 850 से 900 डिग्री सेल्सियस तापमान की गर्म ऐश को पोकिंग के माध्यम से नीचे गिराया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन तथा प्रबंधन की घोर लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आई है।

यह हादसा औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा के प्रति बरती जा रही गंभीर उदासीनता को उजागर करता है। ऐसी लापरवाहियों के कारण निर्दोष श्रमिकों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

छत्तीसगढ़ सरकार से माँग है कि

• दोषी प्रबंधन एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

• सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कदम उठाए जाएँ।

• मृतक श्रमिकों के परिजनों को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता प्रदान की जाए।

• घायल श्रमिकों के समुचित, निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

• भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सभी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा ऑडिट अनिवार्य किया जाए।

श्रमिकों की जान की कीमत पर उद्योगों का संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह समय केवल शोक व्यक्त करने का नहीं, बल्कि कठोर, निर्णायक और उदाहरणात्मक कार्रवाई का है।

Next Story