छत्तीसगढ़
बालोद एसिड अटैक का 8 घंटे में खुलासा, प्रेमी और उसका दोस्त गिरफ्तार
Shantanu Roy
6 Oct 2026 2:27 PM IST

x
छग
Balod. बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस वारदात के मास्टरमाइंड बताए जा रहे युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती के शादी के लिए तैयार नहीं होने और उसके किसी अन्य युवक से संबंध होने की बात से नाराज होकर यश ने करीब तीन महीने पहले ही एसिड अटैक की साजिश रची थी।
मिली जानकारी के मुताबिक, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे बालोद शहर निवासी युवती रोज की तरह लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान उस पर अचानक एसिड फेंक दिया गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और तांदुला डैम की ओर भाग निकला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया।
उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल के अलावा शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में कई मनगढ़ंत बातें बताकर जांच को भटकाने की कोशिश की। लगातार पूछताछ में उसने युवती से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, यश ने बताया कि युवती किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में थी और उससे शादी करने के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर वह नाराज था। जांच में सामने आया कि यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी।
करण भैरमगढ़, बीजापुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, यश के कहने पर करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा था। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई। हालांकि उस समय क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण वे वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद दोनों ने दोबारा योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को युवती के लाइब्रेरी से लौटने के दौरान यश के कहने पर करण ने उस पर एसिड फेंक दिया। घटना के बाद करण तांदुला बांध की ओर भागा। वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। इधर, यश से पूछताछ के बाद पुलिस ने करण की तलाश तेज कर दी। तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है।
आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में यश कुमार सोनकर (20), निवासी ग्राम नेवारिकला, जिला बालोद और करण कुंजाम (20), निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकाने या परेशान करने जैसी गतिविधियों को नजरअंदाज न करें। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





