छत्तीसगढ़
आयुष्मान योजना: आरक्षक की मौत के 42 दिन बाद फोन में आया ऐसा मैसेज, पढ़कर पत्नी हुई हैरान
jantaserishta.com
11 Aug 2026 8:52 AM IST

x
छत्तीसगढ़ न्यूज.
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आरक्षक की मौत के बाद भी आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में उनका इलाज जारी रहा। इतना ही नहीं, अस्पताल ने उनका डेथ सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया।
मौत के 42 दिन बाद आरक्षक की पत्नी के मोबाइल पर मैसेज आया कि वे इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट रहे हैं। मामले में पत्नी ने लापरवाही के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। जशपुर जिले के कटंगखार निवासी आरक्षक देवनारायण राम को 26 जून को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 30 जून को उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने उनका डेथ सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया।
इसके बावजूद आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में उनका इलाज चलता रहा। मौत के 42 दिन बाद उनकी पत्नी सीमा कुजूर के मोबाइल पर मैसेज आया कि वे इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट रहे हैं। मैसेज मिलने के बाद सीमा ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाए और मामले की जांच की मांग की।
सीमा कुजूर खुद जिला अस्पताल जशपुर में स्टाफ नर्स हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ तकनीकी गलती है या आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में कोई बड़ी गड़बड़ी हुई है, इसकी जांच होनी चाहिए। मृतक की पत्नी सीमा कुजूर ने बताया कि उनके पति की इलाज के दौरान महज 4 दिनों में मौत हो गई थी। इसके बावजूद उन्हें आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में कथित तौर पर 42 दिनों तक अस्पताल में भर्ती दिखाया गया।
सीमा कुजूर ने बताया कि मोबाइल पर मैसेज आया कि ‘प्रिय देवनारायण, आप स्वस्थ होकर घर जा रहे हैं’। यह मैसेज सीमा कुजूर के मोबाइल पर आयुष्मान सारथी योजना की ओर से आया है। सीमा कुजूर ने कहा कि यह महज तकनीकी चूक है या फिर आयुष्मान योजना के रिकॉर्ड में कोई बड़ा खेल चल रहा है? यह जांच का विषय है। आरक्षक की मौत के 42 दिन तक सिस्टम में मरीज को जीवित और भर्ती दिखाने की जिम्मेदारी किसकी है?
उन्होंने आगे कहा कि जब स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाले लोगों को यह तक जानकारी नहीं है कि मरीज की मौत हो चुकी है या उसका इलाज चल रहा है, तो इस सिस्टम का अंदाजा लगाया जा सकता है। मृतक की पत्नी सीमा कुजूर ने पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पति की मौत के बाद इस तरह का संदेश मिलना परिवार के लिए कितना पीड़ादायक है।
मामले में सरगुजा CMHO डॉ. पीएस मार्को से जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में आयुष्मान योजना का काम सीएस देखते हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में वही जानकारी दे सकेंगे। सीएस डॉ. जेके रेलवानी से भी जानकारी लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
Tagsछत्तीसगढ़सरगुजा मेडिकल कॉलेज अस्पतालआयुष्मान योजनाChhattisgarhSurguja Medical College HospitalAyushman Yojana
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





