छत्तीसगढ़
अपूर्ण आवासों को पूर्ण कराने सरगुजा जिले में लग रही ‘आवास चौपाल’
jantaserishta.com
6 Sept 2026 11:10 AM IST

x
रायपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत सरगुजा जिले में अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों के निर्माण में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। जिले के सभी 7 जनपद पंचायतों की उन ग्राम पंचायतों में, जहां अपेक्षाकृत अधिक आवास अपूर्ण हैं, ‘आवास चौपाल’ आयोजित कर हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों से सीधा संवाद कर उन्हें आवास निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
आवास चौपाल में ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंच, अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों के हितग्राही, बिहान समूह की दीदियां तथा स्थानीय राजमिस्त्री शामिल हो रहे हैं। चौपाल में अधिकारियों द्वारा प्रत्येक हितग्राही से आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली जा रही है तथा निर्माण कार्य में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों की पहचान की जा रही है।
हितग्राहियों द्वारा रेत एवं सीमेंट की उपलब्धता, आवास की किस्त प्राप्त होने, सेंटिंग प्लेट की व्यवस्था तथा अन्य निर्माण संबंधी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है। इन समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों एवं स्थानीय स्तर पर आवश्यक समन्वय कर हितग्राहियों को सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रत्येक आवास के लिए तैयार होगी अलग कार्ययोजना
आवास चौपाल का उद्देश्य केवल समस्याओं की पहचान करना नहीं, बल्कि प्रत्येक अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवास को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए व्यक्तिगत कार्ययोजना तैयार करना भी है। राजमिस्त्रियों एवं बिहान समूह की दीदियों की सहभागिता से आवास निर्माण की प्रगति पर सतत नजर रखी जाएगी। हितग्राहियों को निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
बिहान समूह की दीदियों को हितग्राहियों से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रेरित करने तथा निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं स्थानीय राजमिस्त्रियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समय-सीमा में आवास पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
100 प्रतिशत हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवास चौपाल में अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवास वाले शत-प्रतिशत हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक हितग्राही से आवास की वास्तविक स्थिति और निर्माण में आ रही बाधाओं की जानकारी लेकर उनका प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।
उन्होंने राजमिस्त्री एवं बिहान समूह की दीदियों के सहयोग से प्रत्येक आवास के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने तथा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
गांव में ही मिल रहा समस्याओं का समाधान
सरगुजा जिले में आयोजित की जा रही ‘आवास चौपाल’ प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों की समस्याओं को गांव में ही सुनने और उनके समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। हितग्राहियों से सीधा संवाद, स्थानीय राजमिस्त्रियों और बिहान समूह की दीदियों की सहभागिता तथा आवासवार कार्ययोजना के माध्यम से जिला प्रशासन अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। इससे पात्र परिवारों को जल्द से जल्द सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





