छत्तीसगढ़

विश्व एड्स दिवस पर रायगढ़ जिला न्यायालय परिसर में जागरूकता शिविर

Shantanu Roy
2 Dec 2025 7:03 PM IST
विश्व एड्स दिवस पर रायगढ़ जिला न्यायालय परिसर में जागरूकता शिविर
x
छग
Raigarh. रायगढ़। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर 01 दिसंबर को रायगढ़ जिला न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जैन के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ की सचिव एवं न्यायाधीश अंकिता मुदलियार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य एचआईवी संक्रमण एवं एड्स के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, मिथकों का निराकरण करना और लोगों को सुरक्षित व्यवहार व कानूनी सहायता संबंधी जानकारी प्रदान करना था।
जिला न्यायालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राधिकरण के कर्मचारीगण, पैरालीगल वॉलिंटियर्स, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, विधि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। शुरुआत में उपस्थित लोगों को विश्व एड्स दिवस के महत्व, इस वर्ष की थीम और एड्स रोकथाम से संबंधित वैश्विक तथा राष्ट्रीय प्रयासों के बारे में बताया गया। शिविर में एचआईवी संक्रमण के फैलने के तरीकों, सुरक्षित उपायों और समय पर टेस्टिंग एवं उपचार की आवश्यकता पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि एचआईवी से संक्रमित व्यक्ति भी सही उपचार के साथ सामान्य जीवन जी सकते हैं और इसके लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है।

इसके साथ ही, समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की गई। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नालसा (NALSA) एवं सालसा (SALSA) की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की गई। इसमें विशेष रूप से आपदा पीड़ितों के लिए विधिक सहायता, यौन शोषण एवं मानव तस्करी के पीड़ितों हेतु कानूनी सेवाएं, श्रमिकों एवं कमजोर वर्गों के लिए विधिक सहायता, मानसिक रूप से बीमार या विकलांग व्यक्तियों के लिए सहायता योजनाएं, संवाद, डॉन और जागृति जैसी प्रमुख पहल शामिल रहीं। कार्यक्रम में बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महिलाओं को विभिन्न मामलों में विशेष सुरक्षा, परामर्श एवं निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को कानूनी जागरूकता पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं। इसके साथ ही जिला न्यायालय परिसर में आए आम नागरिकों और विधि छात्रों को नि:शुल्क परामर्श उपलब्ध कराया गया। प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि समाज में कानून की जानकारी और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता दोनों महत्वपूर्ण हैं, और ऐसे जागरूकता शिविर आम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने में सार्थक भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के कर्मचारी गिरीश साहू, देवनंदन साहू, रविंद्र बेहरा, उजागर सिंह चौहान सहित पैरालीगल वॉलिंटियर्स हरीश षडंगी, आयुष देवांगन, रश्मि बेहरा, वृहस्पति सिदार, तरुण बेहरा तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के स्टाफ भ्रमर गुप्ता, रमेश कुमार डनसेना और अभिषेक शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन एचआईवी-एड्स मुक्त समाज के संकल्प और लोगों से जागरूकता फैलाने की अपील के साथ किया गया।
Next Story