छत्तीसगढ़
उत्तम मेमोरियल कॉलेज के NSS शिविर में यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
Shantanu Roy
26 Nov 2026 6:01 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में उत्तम मेमोरियल कॉलेज, पटेलपाली की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठवें दिन यातायात जागरूकता और साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंडरीपानी पश्चिम में आयोजित इस कार्यक्रम में भूपदेवपुर पुलिस ने स्वयंसेवकों और ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के नियमों तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही संविधान दिवस के अवसर पर स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों ने संविधान की उद्देशिका की शपथ ली।
शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ से संबद्ध उत्तम मेमोरियल कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का मुख्य विषय ‘नशा एवं टीबी मुक्त युवा’ रखा गया है। इसके अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों और जनजागरूकता कार्यक्रमों में सहभागिता की जा रही है। जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भूपदेवपुर थाने के प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों और ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता बताते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की समझाइश दी। इसके अलावा तेज गति से वाहन नहीं चलाने, नशे की स्थिति में वाहन चलाने से बचने और सड़क पर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने यातायात नियमों के पालन के माध्यम से स्वयं के साथ अन्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव ने साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध संदेशों पर भरोसा करने और ओटीपी अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा करने से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जागरूकता और सावधानी ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के रायगढ़ जिला संगठक डॉ. संतोष कुमार नायक उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवाओं में सामाजिक जागरूकता, जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने स्वयंसेवकों को सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कोड़तराई के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने स्वयंसेवकों को शिविर के उद्देश्यों के अनुरूप समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के गीत और तालियों के माध्यम से स्वयंसेवकों में उत्साह का संचार किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत पंडरीपानी की सरपंच सावित्री साहू, शासकीय विद्यालय डोंगीतराई के प्राचार्य ए.एल. साहू, शिक्षक वीरेंद्र चौहान, अवधराम सिदार सहित अन्य शिक्षक एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संविधान दिवस के अवसर पर शिविर में संविधान की उद्देशिका की शपथ भी ली गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों और ग्रामीणों ने संविधान के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और आम नागरिकों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। सात दिवसीय विशेष शिविर के माध्यम से युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, जनसेवा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। ‘नशा एवं टीबी मुक्त युवा’ की थीम पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
Tagsरायगढ़ राष्ट्रीय सेवा योजना शिविरभूपदेवपुर पुलिस जागरूकता अभियानसाइबर फ्रॉड से बचावउत्तम मेमोरियल कॉलेज रायगढ़उत्तम मेमोरियलउत्तम मेमोरियल कॉलेजपुलिस जागरूकताभूपदेवपुर पुलिसRaigarh National Service Scheme CampBhupdevpur Police Awareness CampaignPrevention from Cyber FraudUttam Memorial College RaigarhUttam MemorialUttam Memorial CollegePolice AwarenessBhupdevpur Police
Next Story





