छत्तीसगढ़

राज्य स्थापना दिवस पर आज दिए जाएंगे पुरस्कार...तीन संस्थाओं सहित 30 विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण

Admin2
1 Nov 2020 5:24 AM GMT
राज्य स्थापना दिवस पर आज दिए जाएंगे पुरस्कार...तीन संस्थाओं सहित 30 विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण
x

रायपुर (जसेरि)। राज्योत्सव में इस वर्ष 30 विभूतियों और तीन संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान, रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने इस वर्ष राज्योत्सव के मौके पर दिए जाने वाले राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय सम्मान और पुरस्कारों के लिए चयनित व्यक्तियों और संस्थाओं की घोषणा कर दी है।

संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने संस्कृति संचालनालय में पत्रकार-वार्ता लेकर इस वर्ष के राज्य अलंकरणों के लिए चयनित नामों की घोषणा की। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30 विभूतियों और तीन संस्थाओं को ये पुरस्कार दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में 1 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में चयनितों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी. और संचालक अमृत विकास टोपनो भी पत्रकारवार्ता में मौजूद थे। शहीद वीरनारायण सिंह सम्मान इस वर्ष धमतरी जिले के सरईटोला के रूपराय नेताम को दिया जाएगा। अहिंसा एवं गौरक्षा के लिए दिया जाने वाला यति यतनलाल सम्मान रायपुर की संस्था बढ़ते कदम को दिया जाएगा। खेल के लिए गुण्डाधूर सम्मान के लिए दुर्ग की बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षि कश्यप, महिला उत्थान के लिए दिए जाने वाले मिनीमाता सम्मान के लिए दुर्ग की शहाना कुरैशी, सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह सम्मान के लिए कबीरधाम जिले के किसुनगढ़ के बैजनाथ चंद्राकर, उर्दू भाषा की सेवा के लिए हाजी हसन अली सम्मान धमतरी के हनीफ नजमी और तीरंदाजी के लिए महाराजा प्रवीरचन्द्र भंजदेव सम्मान के लिए बिलासपुर के सर्वज्ञ सिंह मरकाम का चयन किया गया है। सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पं. रविशंकर शुक्ल सम्मान रायपुर के आचार्य रमेन्द्र नाथ मिश्र को, साहित्य के क्षेत्र में दिया जाने वाला पंडित सुंदर लाल शर्मा सम्मान संयुक्त रूप से रायपुर के डॉ. सुशील त्रिवेदी और अंबिकापुर के जीवन नाथ मिश्र को, कला एवं संगीत के लिए चक्रधर सम्मान रायपुर के डॉ. भारती बंधु को, लोक कला/शिल्प के लिए दाऊ मंदराजी सम्मान संयुक्त रूप से दुर्ग के शिवकुमार दीपक और नारायणपुर जिले के रेमावंड के रूपसाय सलाम को और कृषि के क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल सम्मान राजनांदगांव के एनेश्वर वर्मा को दिया जाएगा। अग्रसेन सम्मान बिलासपुर के रामावतार अग्रवाल को, चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रिंट मीडिया के लिए ब्रम्हवीर सिंह और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए ममता लांजेवार को दिया जाएगा। आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा तथा शोध एवं अनुसंधान के लिए धंवंतरी सम्मान रायपुर के डॉ. गौतम चंद जैन को, मछली पालन के लिए बिलासा बाई केंवटिन मत्स्य विकास पुरस्कार रायगढ़ के गौरव सलूजा को, संस्कृत भाषा के लिए संस्कृत भाषा सम्मान रायपुर की डॉ. कुमुद कान्हे को, आदिवासी सेवा एवं उत्थान के लिए डॉ. भंवर सिंह पोर्ते सम्मान धमतरी जिले के बांधा-दुगली के शंभू शक्ति सामाजिक सेवा संस्थान को,रचनात्मक लेखन और हिन्दी भाषा के लिए पं. माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान राजेन्द्र धोड़पकर को, श्रम के क्षेत्र में महाराजा रामानुज प्रताप सिंहदेव सम्मान संयुक्त रूप से अंबुजा सीमेंट लिमिटेड के भाटापारा यूनिट और रायगढ़ के श्री हरीश मित्तल का चयन किया गया है। विधि के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य के लिए वर्ष 2018-19 के लिए बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान संयुक्त रूप से डॉ. निर्मल शुक्ला व विनोद चावड़ा को, बुनकरों को दिया जाने वाला बिसाहूदास महंत पुरस्कार वर्ष 2016-17 के लिए संयुक्त रूप से जांजगीर-चांपा के राजेश देवांगन और मधुसूदन देवांगन को और वर्ष 2017-18 के लिए रायगढ़ के राजेश देवांगन व जांजगीर-चांपा के विरेन्द्र देवांगन को दिया जाएगा।

राजराजेश्वरी करूणामाता हाथकरघा प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए संयुक्त रूप से बलौदाबाजार के कृष्ण कुमार देवांगन व जांजगीर-चांपा के मनहरण देवांगन और अपराध अनुसंधान के लिए पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान के लिए रायपुर की दिव्या शर्मा का चयन किया गया है।

Next Story