छत्तीसगढ़

ऑटो चालक से चाकू की नोक पर लूट, सरोना की घटना

Nilmani Pal
8 Jun 2025 12:26 PM IST
ऑटो चालक से चाकू की नोक पर लूट, सरोना की घटना
x
छग

रायपुर। राजधानी में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे रात के समय आम लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है, जहां कुछ बदमाशों ने एक ऑटो चालक से चाकू की नोक पर मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। लूट के बाद आरोपियों ने ऑटो चालक के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।घटना सरोना स्थित बीएसयूपी कॉलोनी के पास की है। जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक रिंकू साहू (निवासी चंगोरा भाटा) रात करीब 12:15 बजे रायपुरा चौक से दो सवारी लेकर सरोना बीएसयूपी कॉलोनी स्थित सालसर ग्रीन इलाके की ओर पहुंचा। तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे तीन से चार बदमाशों ने ऑटो को रोक लिया।

बदमाशों ने ऑटो चालक को चाकू दिखाकर डराया और उसका मोबाइल फोन, लगभग 3000 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और घटनास्थल से फरार हो गए। घटना के बाद ऑटो चालक किसी तरह डीडी नगर थाना पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके की नजाकत को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है।

स्थानीय निवासियों और ऑटो चालकों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में रात्रि गश्त बेहद कमजोर है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। डीडी नगर पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Next Story
null