
x
छग
Arang. आरंग। ग्राम भानसोज स्थित गुरुकृपा ज्वेलर्स के संचालक की आंखों में स्प्रे छिड़ककर जेवरात से भरा बैग लूटने का प्रयास करने वाले चार आरोपियों को आरंग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी। मामले में एक अन्य आरोपी आशुतोष उर्फ आशु मोहंती फिलहाल ओडिशा की जेल में बंद है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घटना 5 जून 2026 की रात करीब 8 बजकर 50 मिनट की है। ग्राम भानसोज के बाजार चौक में गुरुकृपा ज्वेलर्स के संचालक चंद्रहास देवांगन अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान इलाके की बिजली बंद हो गई। पुलिस जांच में आरोप है कि बिजली जानबूझकर बंद की गई थी। इसी बीच बाइक सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने व्यापारी की आंखों में स्प्रे छिड़क दिया, जिससे उनकी आंखों में तेज जलन हुई और वह नीचे गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने उनके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग को छीनने का प्रयास किया।
व्यापारी ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को एकत्रित होते देख आरोपी बैग लूटे बिना ही बाइक से फरार हो गए। घटना की शिकायत के बाद आरंग थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया गया। साइबर सेल की मदद से टावर डंप और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का भी विश्लेषण किया गया।
इसी दौरान अपराध क्रमांक 559/2026 के एक अन्य मामले में हिरासत में लिए गए कुछ संदेहियों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में ज्वेलर्स से लूट की कोशिश की पूरी साजिश सामने आई। जांच में पता चला कि ग्राम भानसोज निवासी फिरोज बंजारे ने वारदात के समय दुकान के आसपास की बिजली बंद की थी। दिव्यांश प्रतीक घिदौड़े पर व्यापारी के दुकान बंद करने और उसकी गतिविधियों की जानकारी देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार सलीम कुर्रे, रवि कुमार निषाद और आशुतोष उर्फ आशु मोहंती बाइक से मौके पर पहुंचे थे और जेवरात से भरा बैग लूटने की कोशिश की थी। आरोपी सलीम कुर्रे के बारे में पुलिस ने बताया कि वह पूर्व में महासमुंद जिले में करीब 10 लाख रुपए की लूट के एक मामले में भी जेल जा चुका है।
पुलिस ने मामले में फिरोज बंजारे (26), दिव्यांश प्रतीक घिदौड़े (18 वर्ष 2 माह), सलीम कुर्रे (23) और रवि कुमार निषाद (25) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आशुतोष उर्फ आशु मोहंती वर्तमान में ओडिशा की जेल में बंद है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HC 6815, साइकिल की चेन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू के साथ एएसआई पुष्पानंद ध्रुव, पीएसआई शिव धुर्वे, आरक्षक सत्यप्रकाश साहू, दीनदयाल सोनवानी और सैनिक दुर्गेश चंद्राकर की भूमिका रही। चारों गिरफ्तार आरोपियों को 30 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Next Story





