छत्तीसगढ़

रायपुर में नवजात बच्चे का सौदा करने की कोशिश, 3 महिलाएं गिरफ्तार

SHIDDHANT
18 Nov 2026 8:16 PM IST
रायपुर में नवजात बच्चे का सौदा करने की कोशिश, 3 महिलाएं गिरफ्तार
x
छत्तीसगढ़
Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की अवैध खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। ओडिशा की एक गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और इलाज कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाने और उसके नवजात बच्चे को बेचने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रसव के बाद महिला को उसके नवजात शिशु के साथ एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया था। आरोपियों ने महिला को धमकी दी थी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। प्रारंभिक पूछताछ में अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है।
मुफ्त इलाज का झांसा देकर ओडिशा से बुलाया रायपुर
पुलिस के मुताबिक, ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की रहने वाली महिला ने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने महिला को रायपुर में निःशुल्क प्रसव और इलाज कराने का भरोसा दिलाया। इस आश्वासन पर महिला रायपुर पहुंची। यहां कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।
बच्चे को बेचने के बदले मोटी रकम का दिया लालच
शिकायत के अनुसार, तीनों महिलाओं ने पीड़िता की कमजोर आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके होने वाले बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया। महिला ने बच्चे को बेचने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसके नवजात शिशु को बेचने की साजिश रची थी।
प्रसव के बाद मां और नवजात को बनाया बंधक
पीड़िता ने बताया कि 4 नवंबर 2026 को उसका प्रसव हुआ। इसके बाद आरोपियों ने उसे नवजात शिशु के साथ फिर से गोगांव स्थित अहिल्या के घर पहुंचाया और कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी दी कि प्रसव में खर्च हुए रुपए उसके बच्चे को बेचकर वसूले जाएंगे। उसकी अनुमति के बिना ही नवजात को बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
आजाद चौक पुलिस ने तीन महिलाओं को किया गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर आजाद चौक पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आजाद चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त की भी जांच
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में संभावित संलिप्तता की जानकारी मिली है। अब पुलिस पूरे नेटवर्क, इससे जुड़े अन्य लोगों और पूर्व में हुई संभावित घटनाओं की जांच कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विवेचना के दौरान जिन व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story