छत्तीसगढ़

व्यापारी की हत्या की कोशिश, चाकू हमले में हालत नाजुक

Nilmani Pal
7 Sept 2023 12:51 PM IST
व्यापारी की हत्या की कोशिश, चाकू हमले में हालत नाजुक
x
छग

कोरबा। जिले के राताखार पुल के पास 2 आरोपियों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं बीच बचाव करने आया एक अन्य युवक भी घायल हो गया है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कुसमुंडा के रहने वाले अफरोज अंसारी और फिरोज अंसारी का फिरोज मलिक के साथ छोटी सी बात को लेकर विवाद हो गया था। फिरोज मलिक की ब्लॉक- 15 में टायर की दुकान है। वो दुकान बंद करके अपने दोस्त साहिल यादव के साथ घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान राताखार पुल के पास अफरोज और फिरोज अंसारी अपनी स्कॉर्पियो से वहां पहुंच गए और पुरानी बात को लेकर विवाद करने लगे।

दोनों आरोपियों ने युवकों को धमकी दी और कहा कि उनकी पहुंच बहुत ऊपर तक है। इसके बाद उन्होंने फिरोज मलिक के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसे बचाने के लिए साहिल आया, तो आरोपियों ने उसे भी घायल कर दिया। घटना को अंजाम देकर दोनों युवक फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। लोगों ने बताया कि उन्होंने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए। घटना के बाद शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर अन्य कारोबारियों में आक्रोश देखा जा रहा है।

Next Story