छत्तीसगढ़
जमकर आजमाया खिलाडि़यों ने दमखम, जिला स्तरीय मेगा बस्तर ओलंपिक का भव्य समापन
Shantanu Roy
24 Nov 2026 10:26 PM IST

x
छग
Dantewada. दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय मेगा बस्तर ओलंपिक 2026 का भव्य समापन खिलाडि़यों के शानदार प्रदर्शन, उत्साह और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों एवं विजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे खिलाडि़यों ने अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ एम.भार्गव, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रमेश गावड़े सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडि़यों ने जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें 489 महिला एवं 569 पुरुष खिलाडि़यों सहित कुल 1,058 खिलाडि़यों ने भागीदारी निभाई। प्रतियोगिताएं जूनियर एवं सीनियर महिला तथा पुरुष वर्गों में आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग के लगभग 150 खिलाडि़यों ने सीधे जिला स्तर पर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के विभिन्न खेलों में खिलाडि़यों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जूनियर पुरुष वर्ग की तीरंदाजी में गीदम विकासखंड के भीमा मंडावी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कराते में दंतेवाड़ा विकासखंड की लक्ष्मी कश्यप ने बाजी मारी, वहीं वेटलिफ्टिंग में दंतेवाड़ा के राजकुमार परिडा ने प्रथम स्थान हासिल किया। कबड्डी एवं वॉलीबॉल में गीदम विकासखंड, खो-खो में दंतेवाड़ा एवं गीदम, फुटबॉल बालक वर्ग में कुआकोंडा एवं गीदम तथा हॉकी में गीदम विकासखंड के खिलाडि़यों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी प्रकार जूनियर एवं सीनियर महिला वर्ग की प्रतियोगिताओं में भी खिलाडि़यों ने शानदार खेल कौशल दिखाया। तीरंदाजी में गीदम, कराते में दंतेवाड़ा एवं कुआकोंडा, वेटलिफ्टिंग में दंतेवाड़ा एवं गीदम, कबड्डी में गीदम, वॉलीबॉल में गीदम एवं कुआकोंडा, खो-खो में दंतेवाड़ा, फुटबॉल में गीदम एवं दंतेवाड़ा तथा हॉकी में गीदम एवं कुआकोंडा विकासखंड के खिलाडि़यों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
Next Story





