
रायगढ़। जिले में स्थित JSW पावर प्लांट के हॉस्टल में असिस्टेंट इंजीनियर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। देर शाम जब काफी देर तक उसका कमरा नहीं खुला, तब सहकर्मियों ने दरवाजा खोलकर देखा तो युवती फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। मामला भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान खुशबू चौबे (25) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली थी। रायगढ़ के नहरपाली स्थित JSW पावर प्लांट के एसएमएस विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर कार्यरत थी। खुशबू कंपनी के हॉस्टल में ही रह रही थी।
गुरुवार की देर शाम जब खुशबू का कमरा काफी देर तक नहीं खुला, तो हॉस्टल में रहने वाले अन्य स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर किसी तरह दरवाजा खोला गया, जहां खुशबू को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के मरच्यूरी कक्ष में भिजवाया। इस मामले में भूपदेवपुर थाना प्रभारी संजय नाग ने बताया कि, खुशबू 2024 से JSW प्लांट में पदस्थ थी। घटना वाले दिन दोपहर में उसने अपने परिजनों से मोबाइल पर बातचीत भी की थी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।





