छत्तीसगढ़

अरुण साव ने 10 DRG जवानों को दी श्रद्धांजलि

Nilmani Pal
26 April 2023 5:43 PM IST
अरुण साव ने 10 DRG जवानों को दी श्रद्धांजलि
x

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिला में अरनपुर में नक्सलियों द्वारा किए गए ब्लास्ट में 11 जवानों की शहादत को नमन करते हुए इस घटना पर गहन दु:ख व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साव ने कहा कि लगातार बढ़ती नक्सली हिंसा से बस्तर में चहुँओर आतंक का माहौल है। नक्सलियों के इस कायराना कृत्य की जितनी भर्त्सना की जाए, वह कम है। साव ने कहा कि बस्तर की धरती से नक्सलियों का समूल नाश ही हमारे शहीद जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

बता दें कि आज दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने घात लगाकर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) फोर्स के जवानों पर हमला कर दिया. उन्होंने जवानों से भरी गाड़ी को आईईडी हमले में उड़ा दिया. इस हमले में 11 जवान शहीद हो गए हैं. इनमें 10 डीआरजी के जवान और एक ड्राइवर है. नक्सलियों ने रोड के बीचोबीच लैंडमाइन बिछाई हुई थी. यह आईईडी धमाका इतना जबरदस्त था कि रोड पर कई फुट गहरा गड्ढा हो गया है. जवानों के वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं.

बस्तर के आईजी सुंदरराज ने बताया कि अरनपुर के पालनार क्षेत्र में नक्सलियों ने जवानों को अपना निशाना बना लिया. फिलहाल तलाश अभियान जारी है. सूत्रों के मुताबिक DRG के जवान कल ऑपरेशन पर गए थे. लौटते समय नक्सलियों ने यह हमला कर दिया. जानकारी के मुताबिक इस हमले में प्रधान आरक्षक जोगा सोढी, मुन्ना राम कड़ती, संतोष तामो, नव आरक्षक दुल्गो मण्डावी, लखमू मरकाम, जोगा कवासी, हरिराम मण्डावी, गोपनीय सैनिक राजू राम करटम, जयराम पोड़ियाम, जगदीश कवासी शहीद हो गए. वहीं निजी वाहन का चालक धनीराम यादव की भी इस हमले में जान चली गई.

Next Story