छत्तीसगढ़

व्यापारी से 5 लाख की धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार

Nilmani Pal
25 May 2022 4:00 AM GMT
व्यापारी से 5 लाख की धोखाधड़ी करने वाला गिरफ्तार
x

बिलासपुर। शहर के व्यापारी को सूजी और बेसन का स्टाकिस्ट बनाने झांसा देकर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले को सिविल लाइन पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि तालापारा में रहने वाले कैलाश शर्मा ने धोखाधड़ी की शिकायत की है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि अक्टूबर 2021 में उनके पास लखनऊ के ब्रम्हापार्क के पास रहने वाले विजय द्विवेदी आया।

उसने अपनी कंपनी विटो किंग फूड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बेहतर क्वालिटी का बेसन, मैदा, सूजी और आटा सप्लाई करने की बात कही। दोनों ने व्यवसायी को जिले का सुपर स्टाकिस्ट बनाने आफर दिया। इस पर व्यापारी ने भरोसा करते हुए पांच लाख रुपये का आर्डर दे दिया। बाद में उन्होंने व्यापारी को ना तो सामान दिया और ना ही उनके रुपये वापस लौटाए। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर जांच कर रही थी। पुलिस ने आरोपित विजय कुमार द्विवेदी निवासी राजाजीपुरम लखनऊ उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपित फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Next Story