छत्तीसगढ़

हसदेव बचाने की अपील: रायपुर में राजभवन के पास JCCJ ने किया प्रदर्शन

Nilmani Pal
5 Jun 2022 10:50 AM GMT
हसदेव बचाने की अपील: रायपुर में राजभवन के पास JCCJ ने किया प्रदर्शन
x

रायपुर। हसदेव के जंगलों को बचाने के लिए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCCJ) ने रविवार को राजभवन के पास चौराहे पर प्रदर्शन किया। JCCJ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने राजभवन के पास स्थित शहीद वीर नारायण सिंह के स्मारक के पास गमलों में पौधे रोपे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से हसदेव को बचाने की अपील की।

अमित जोगी ने कहा, हसदेव अरण्य की कटाई का मामला बहुत संगीन है। कोयले की माइनिंग के लिए जंगल की कटाई को मंजूरी देने से केवल हसदेव अरण्य नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ पर विपदा आ चुकी है। हसदेव अरण्य लगभग 350 विभिन्न प्रकार के पशु-पक्षियों का घर है। जनजातियों और हाथियों का संरक्षित वनक्षेत्र है। इसके अलावा हसदेव नदी से पूरे जांजगीर-चांपा जिले का कृषि क्षेत्र सिंचित होता है। छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों का भविष्य हसदेव अरण्य पर निर्भर है। अमित जोगी ने कहा कि अगर खनन का काम नहीं रुका तो चार हजार वर्ग किलोमीटर में फैला हसदेव अरण्य केवल 400 वर्ग किलोमीटर में सिमट कर रह जाएगा।

Next Story