छत्तीसगढ़

कछुए के पीछे पड़े असामाजिक तत्व, हमले के बाद हालत नाजुक

Nilmani Pal
4 May 2026 12:41 PM IST
कछुए के पीछे पड़े असामाजिक तत्व, हमले के बाद हालत नाजुक
x

जांजगीर-चांपा। जिले मुख्यालय के पास स्थित खोखरा गांव के मनकादाई मंदिर तालाब में रहने वाले लगभग 50 किलो वजनी कछुए पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में कछुआ गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, कछुआ तालाब के किनारे घूम रहा था, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने उस पर हमला कर दिया। कछुए को गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल कछुए को तालाब से बाहर निकालकर बचाने का प्रयास किया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पशुपालन विभाग के डॉक्टर ओगरे को सूचना दी, लेकिन उन्होंने यह कहकर इलाज करने से मना कर दिया कि यह मामला मत्स्य विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। विभागीय जिम्मेदारी को लेकर हुई इस खींचतान के कारण कछुए को समय पर इलाज नहीं मिल सका, जिससे उसकी स्थिति और बिगड़ गई। मंदिर समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर कछुए को सुरक्षित बाहर निकाला। समिति के अध्यक्ष राधेलाल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए जलीय जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, जब इस कछुए को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई हो। इससे पहले भी ऐसे प्रयास हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई करने और घायल कछुए के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने की मांग की है।

Next Story