
x
छग
Sarguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना घुंघटा डेम से लगे लिब्रा वॉटर फॉल की है, जहां नहाने गए युवक की पानी में डूबने से जान चली गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार युवक गर्मी से राहत पाने के लिए लिब्रा वॉटर फॉल में नहाने पहुंचा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान व हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग लिब्रा वॉटर फॉल घूमने और नहाने पहुंचते हैं। इसके बावजूद यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। लोगों ने बताया कि इससे पहले भी यहां डूबने की दो घटनाएं हो चुकी हैं।
लेकिन प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से वॉटर फॉल क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाने, बैरिकेडिंग करने और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी लगातार हादसों की वजह बन रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बारिश और गर्मी के मौसम में वॉटर फॉल और डेम जैसे स्थानों पर सावधानी बरतें तथा गहरे पानी में जाने से बचें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Next Story





