छत्तीसगढ़

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में अमृत संवाद कार्यक्रम का आयोजन

Shantanu Roy
15 Oct 2025 10:02 PM IST
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में अमृत संवाद कार्यक्रम का आयोजन
x
छग
Raipur. रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल ने विशेष अभियान 5.0 के तहत “अमृत संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया। इसी कड़ी में आज भानुप्रतापपुर, दल्लीराजहरा और बालोद रेलवे स्टेशनों पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) दयानंद की उपस्थिति में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने स्टेशन पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं में सुधार, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रेल अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की। उपस्थित लोगों ने रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और कई रचनात्मक सुझाव दिए। DRM दयानंद ने इन सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

DRM दयानंद ने कहा कि “अमृत संवाद” का उद्देश्य रेल प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। यह पहल भारतीय रेल को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के सुझाव रेल प्रशासन के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और इन्हें नीतिगत रूप से लागू किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने स्टेशनों पर एप्रोच रोड, रेलवे कॉलोनी, माल लदान सुविधाओं, भूमि अधिग्रहण, अतिक्रमण और रेल परिचालन की जानकारी भी साझा की। DRM ने बताया कि रायपुर और दुर्ग स्टेशनों का प्रमुख पुनर्विकास किया जा रहा है और रायपुर मंडल में अमृत भारत स्टेशनों का विकास भी प्रगति पर है। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, आधुनिक प्रतीक्षालय, उच्चस्तरीय प्लेटफॉर्म, कोच गाइडेंस सिस्टम, साइनेजेस, दिव्यांगजनों के लिए सुगम सुविधाएं और सड़क उन्नयन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

यात्रियों और नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम न केवल रेलवे प्रशासन और जनता के बीच विश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को समय पर प्राथमिकता के आधार पर लागू करने में मदद करते हैं। DRM ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में और अधिक स्टेशनों पर इसी तरह के संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रेल प्रशासन ने कहा कि यह पहल रेलवे को और अधिक यात्री-केंद्रित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। “
अमृत संवाद
” कार्यक्रम के माध्यम से यात्रियों के अनुभवों और सुझावों को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों की गुणवत्ता, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस कार्यक्रम ने रेलवे और यात्रियों के बीच सकारात्मक संवाद को मजबूत किया और यात्रियों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य के विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने में मदद की। DRM दयानंद ने सभी उपस्थित नागरिकों और यात्रियों का धन्यवाद किया और उनकी सहभागिता को रेलवे के सुधार और विकास का हिस्सा बताया।
Next Story