छत्तीसगढ़
अमित शाह और CM विष्णु देव साय ने विवेक विहार अग्निकांड पर जताया दुख, 9 लोगों की मौत
jantaserishta.com
3 May 2026 7:10 PM IST

x
नई दिल्ली: नई दिल्ली के शाहदरा स्थित विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से 9 लोगों की मौत हो गई। इसे लेकर केंद्रीय मंत्रियों ने इस घटना पर दुख जताया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली के विवेक विहार में हुई आगजनी की घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। ईश्वर शोक-संतप्त परिवारों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन घायलों को सर्वोच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग लगने की हृदयविदारक घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुखद हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, शोक-संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें तथा सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
बता दें कि यह आग विवेक विहार फेज-1 के एक बहुमंजिला मकान में लगी थी। फायर कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना तड़के मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बिल्डिंग के दूसरे, तीसरे और चौथे फ्लोर पर आग लगी हुई थी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह आग लगने की कॉल मिली थी और तुरंत टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे लगे, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव कार्य के दौरान करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया। वहीं, कुछ अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि इस घटना में कुल 9 लोगों की जान चली गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे, जबकि कुछ लोग अंदर ही फंस गए थे।
Tagsविष्णु देव सायअमित शाहपीयूष गोयलविवेक विहार अग्निकांडVishnu Dev SaiAmit ShahPiyush GoyalVivek Vihar fire incident
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





