अम्बिकापुर : शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था से लोगों को ठंड से मिल रही राहत

अम्बिकापुर। उत्तर की बर्फीली हवा से क्षेत्र के तापमान में गिरावट होने के साथ ठंड में काफी वृद्धि हो गई है। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा के निर्देश पर नगर निगम द्वारा अम्बिकापुर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तथा सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था कर दी गई है जिससे जरूरतमंदों को ठंड में राहत मिल रही है। नगर निगम द्वारा अलाव जलाने के लिए इन स्थानों पर लकड़ी और गोठान में निर्मित गोबर के लकड़ी की व्यवस्था की गई है।
अलाव की व्यवस्था होने से रात्रि में आवागमन करने वाले मुसाफिर, ऑटो एवं रिक्शा चालकों तथा फुटपाथों पर रात गुजारने वालो को राहत मिलेगी। नगर निगम आयुक्त श्री प्रभाकर पांडेय ने बताया कि हर साल की भांति इस बार भी जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत देने के लिए शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जरूरतमंदों को गर्म कपड़े भी दिए जा रहे है।





