छत्तीसगढ़

जांच के बहाने अस्पताल ले जाकर गर्भपात कराने का आरोप, पति और डॉक्टर पर FIR

jantaserishta.com
16 Nov 2026 12:42 PM IST
जांच के बहाने अस्पताल ले जाकर गर्भपात कराने का आरोप, पति और डॉक्टर पर FIR
x
छत्तीसगढ़.
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गर्भपात से जुड़े दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहला मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। इसमें एक नाबालिग किशोरी का गर्भपात कराने के आरोप में पुलिस ने महिला फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। इसमें तीन महीने की गर्भवती महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति और एक डॉक्टर ने मिलकर उसकी सहमति के बिना उसका गर्भपात करा दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और डॉक्टर उज्ज्वला कराडे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
केस-1: शादी का झांसा देकर शोषण, फिर कराया गर्भपात
तोरवा थाना क्षेत्र के इस मामले में गणेश सोनी नाम के युवक पर आरोप है कि उसने एक नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया। इसके बाद उसने डॉक्टर सुब्धा मसीह की मदद से किशोरी का गर्भपात करा दिया। पुलिस ने जांच में सबूत जुटाए और सबसे पहले गणेश सोनी को गिरफ्तार किया।
भ्रूण को नदी में फेंका, फिजियोथेरेपिस्ट भी गिरफ्त में
जांच में सामने आया कि गणेश सोनी ने गर्भपात के लिए उसलापुर की रहने वाली 43 वर्षीय फिजियोथेरेपिस्ट सुब्धा मसीह की मदद ली थी। सुब्धा मसीह के कहने पर आरोपी ने भ्रूण को नदी में फेंक दिया था। गणेश से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुब्धा मसीह को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि डॉक्टर को पता था कि किशोरी नाबालिग है। इसके बावजूद जरूरी सरकारी अनुमति लिए बिना उसका गर्भपात किया गया। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
केस-2: तलाक में बच्चा बाधा न बने, इसलिए गर्भपात कराने का आरोप
दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। कोरबा जिले की 24 वर्षीय आकांक्षा की शादी 26 अप्रैल 2026 को सुयश अग्रवाल से हुई थी। आकांक्षा 14 नवंबर को अपनी मां और परिवार के लोगों के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
आकांक्षा का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसे पसंद नहीं करता था। वह अक्सर झगड़ा करता था और तलाक चाहता था। इसी दौरान आकांक्षा तीन महीने की गर्भवती हो गई। उसका आरोप है कि पति को लगा कि बच्चा पैदा होने के बाद तलाक लेना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए उसने डॉक्टर के साथ मिलकर गर्भपात कराने की योजना बनाई।
जांच के बहाने अस्पताल ले जाकर बेहोशी का इंजेक्शन देने का आरोप
शिकायत के अनुसार, 13 नवंबर को पति गर्भावस्था की जांच कराने के बहाने आकांक्षा को बिलासपुर के मल्टी स्पेशलिटी एंड वूमेन केयर क्लीनिक नर्सिंग होम (जेपी हॉस्पिटल) ले गया और वहां भर्ती करा दिया।
महिला का आरोप है कि वहां उसे बातों में उलझाकर बेहोशी का इंजेक्शन लगाया गया। बेहोशी की हालत में उससे किसी कागज पर हस्ताक्षर करवाए गए और उसकी सहमति के बिना गर्भपात कर दिया गया। होश में आने पर पति ने उसे बताया कि बच्चे की हार्टबीट कम थी।
आकांक्षा ने पति सुयश अग्रवाल और डॉक्टर उज्ज्वला कराडे पर मिलीभगत करके उसकी मर्जी के खिलाफ गर्भपात कराने का आरोप लगाया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story