छत्तीसगढ़

मामा-भांजे से मारपीट और लूट का आरोप, लड़की के नाम पर घेरकर पीटा

Shantanu Roy
30 Sept 2026 9:15 PM IST
मामा-भांजे से मारपीट और लूट का आरोप, लड़की के नाम पर घेरकर पीटा
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मामा-भांजे से मारपीट और पैसे छीनने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बसहा गांव में तालाब किनारे कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया और पूछा कि यहां क्यों आए हो, क्या किसी लड़की के चक्कर में आए हो। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर दोनों की डंडे, पाइप और बेल्ट से जमकर पिटाई की गई। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है। शिकायत के अनुसार कबीरधाम जिले के ग्राम किशुनगढ़ निवासी गणेश कुमार चंद्राकर अपने जीजा के डंगनिया स्थित घर आया हुआ था। शाम के समय वह अपने भांजे दुखभंजन के साथ बाइक से ग्राम करमा स्थित अपने मामा के घर गया था।
रात में दोनों बाइक से वापस डंगनिया लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम बसहा स्थित तालाब के पास कुछ समय के लिए रुक गए। इसी दौरान गांव के शुभम, कुलेश्वर, डब्बू और उनके साथ कुछ अन्य युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने गणेश और दुखभंजन को घेर लिया और उनसे पूछताछ करने लगे कि वे वहां क्यों आए हैं। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने लड़की के चक्कर में गांव आने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई।
जब गणेश और उसके भांजे ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों को डंडे, लोहे के पाइप और बेल्ट से पीटा गया। हमले में गणेश और दुखभंजन को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आई हैं। मारपीट के बाद आरोपियों पर पैसे छीनने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने गणेश की जेब से जबरदस्ती 5 हजार रुपए निकाल लिए। इसके अलावा मोबाइल के जरिए फोन-पे से 2 हजार रुपए भी ट्रांसफर कराए गए।
घटना के बाद दोनों किसी तरह वहां से निकले और सीपत थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ितों के बयान के आधार पर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर शुभम, कुलेश्वर, डब्बू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 119(1), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। इसके साथ ही पीड़ितों के मेडिकल परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने अचानक दोनों को घेरा था या पहले से किसी तरह का विवाद था। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल सीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story