छत्तीसगढ़

लोनर हाथी को लेकर धरमजयगढ़ में अलर्ट

Nilmani Pal
23 March 2025 10:22 AM IST
लोनर हाथी को लेकर धरमजयगढ़ में अलर्ट
x

कोरबा। जिले से लगे धरमजयगढ़ वनमंडल से एक लोनर हाथी कोरबा वनमंडल के कुदमुरा रेंज में पहुंच गया है। रात में अचानक पहुंचे लोनर हाथी को सुबह कुदमुरा सर्किल के जंगल में विचरण करते हुए देखा गया। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई, जिस पर वन अमला सतर्क हो गया है। उन्होंने ग्राम कुदमुरा और आसपास के ग्रामों में मुनादी कराने के साथ ही ग्रामीणों को जंगल न जाने की चेतावनी दी हैं।लोनर हाथी की निगरानी की जा रही है। उसकी हर गतिविधियों पर ड्रोन कैमरे के जरिए नजर रखी जा रही है।

हालांकि अभी तक हाथी ने कोई नुकसान नहीं किया है। इधर कटघोरा वनमंडल में 62 हाथियों की मौजूदगी है। केंदई रेंज के कापानवापारा, कोरबी और लालपुर क्षेत्र में 30 हाथी विचरण कर रहे हैं। वहीं एतमानगर के मड़ई सर्किल और जटगा वन परिक्षेत्र में 32 हाथी दो अलग-अलग झुंडों में घूम रहे हैं।

कोरबी सर्किल में एक दंतैल हाथी अपने झुंड से अलग होकर बस्ती में घुस गया। उसने एक ग्रामीण की बाड़ी में घुसकर सब्जी के पौधों को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों को जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने दंतैल को खदेड़ दिया। इससे बड़े नुकसान की आशंका टल गई।

Next Story