छत्तीसगढ़

रायपुर संस्कृत महाविद्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाई गई अक्षय नवमी

Shantanu Roy
28 Nov 2026 9:14 PM IST
रायपुर संस्कृत महाविद्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाई गई अक्षय नवमी
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के शासकीय दू.श्री वै. स्नातकोत्तर संस्कृत महाविद्यालय में ज्योतिष विभाग के तत्वावधान में 18 नवंबर 2026 को कार्तिक शुक्ल नवमी के अवसर पर अक्षय नवमी उत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप शुक्ला के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में प्राध्यापकों, अतिथि व्याख्याताओं और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर अक्षय नवमी के धार्मिक, शास्त्रीय, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि भारतीय सनातन परंपरा में कार्तिक शुक्ल नवमी को अत्यंत पुण्यप्रद तिथि माना गया है। अक्षय का अर्थ है, जिसका कभी क्षय न हो। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन किए गए स्नान, दान, जप और पूजन का फल अक्षय होता है। ज्योतिष शास्त्र में भी इस तिथि का विशेष महत्व बताया गया है। कार्यक्रम के दौरान ज्योतिर्विद् श्रीरामदैवज्ञ द्वारा रचित ‘मुहूर्तचिन्तामणि’ में वर्णित मन्वादि एवं युगादि तिथियों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही नारदपुराण, मत्स्यपुराण, निर्णयसिन्धु, धर्मसिन्धु, व्रतराज और स्कन्दपुराण में वर्णित अक्षय नवमी से संबंधित शास्त्रीय प्रसंगों की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई।
विद्वानों ने बताया कि विभिन्न धार्मिक ग्रंथों में कार्तिक शुक्ल नवमी को युगादि तिथि के रूप में उल्लेखित किया गया है। इस दिन भगवान विष्णु की आराधना, तुलसी विवाह, दान और पितृ तर्पण का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है। धार्मिक परंपराओं के अनुसार आंवले के वृक्ष के नीचे भगवान दामोदर का पूजन करने का भी विधान है। कार्यक्रम में आंवला, तुलसी और पीपल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विशेष चर्चा की गई। शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार आंवला और पीपल के वृक्षों का रोपण, पालन एवं पूजन विशेष पुण्यदायी माना गया है। स्कन्दपुराण में भी कार्तिक मास के दौरान आंवले के वृक्ष की छाया में भगवान श्रीहरि की आराधना, कथा श्रवण और भोजन करने का महत्व बताया गया है।
इस अवसर पर अक्षय नवमी की परंपराओं को प्रकृति संरक्षण से जोड़कर विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया गया। विद्वानों ने बताया कि अक्षय नवमी केवल धार्मिक कर्मकांड का पर्व नहीं है, बल्कि यह दान की भावना, प्रकृति के प्रति सम्मान और पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता जैसे जीवन मूल्यों का स्मरण भी कराता है। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. प्रदीप शुक्ला, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. शकुन्तला डेहरे, डॉ. दिग्विजय द्विवेदी, डॉ. मनोज शुक्ला, आईक्यूएसी संयोजक डॉ. वैभव वसन्त कान्हे, डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, डॉ. दिव्या देशपांडे शुक्ला, डॉ. कादम्बरी शर्मा और ज्योतिष विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष तिवारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा डॉ. अश्विनी मिर्चे, डॉ. अलका नायक, डॉ. रामेश्वरी दास, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पी. निर्मला, अतिथि व्याख्याता अनुज तिवारी, अखिलेशधर द्विवेदी सहित महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपरा, ज्योतिष शास्त्र, पंचांग ज्ञान और धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन के प्रति अभिरुचि विकसित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति में निहित धार्मिक परंपराओं और उनके सामाजिक एवं पर्यावरणीय महत्व को समझने का अवसर मिला। महाविद्यालय में आयोजित अक्षय नवमी उत्सव गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। ज्योतिष विभाग की ओर से भविष्य में भी भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृत साहित्य और सांस्कृतिक धरोहर से संबंधित ऐसे शास्त्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का प्रयास किया जाएगा।
Next Story