छत्तीसगढ़

त्योहारी सीजन से पहले एक्शन, 15 इंच के चाकू के साथ युवक गिरफ्तार

SHIDDHANT
6 Sept 2026 10:33 PM IST
त्योहारी सीजन से पहले एक्शन, 15 इंच के चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
x
छग
Raipur रायपुर: आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस ने आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। थाना उरला और खमतराई क्षेत्र में की गई अलग-अलग कार्रवाई में धारदार चाकू रखने वाले एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई है। चार अन्य व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। एसीपी उरला पूर्णिमा लामा और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में संबंधित थाना पुलिस की टीमों ने अभियान चलाया।
15 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद
थाना उरला पुलिस ने क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर घूम रहे ज्ञानिक वर्मा उम्र 23 वर्ष को पकड़ा। आरोपी बीरगांव में भीखम किराना स्टोर के पीछे का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया। आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं थाना खमतराई पुलिस ने भी आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की।
चार लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
खमतराई पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चार व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आगामी त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में सतर्कता और निगरानी बढ़ाई जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों और हथियार लेकर घूमने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। नॉर्थ जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले और आपराधिक या असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Next Story