छत्तीसगढ़

त्योहारी सीजन से पहले नॉर्थ जोन में बड़ा अभियान 79 लोगों पर कार्रवाई

SHIDDHANT
13 Sept 2026 10:50 PM IST
त्योहारी सीजन से पहले नॉर्थ जोन में बड़ा अभियान 79 लोगों पर कार्रवाई
x
छग
Raipur रायपुर। आगामी गणेश उत्सव और त्योहारी सीजन को देखते हुए नॉर्थ जोन पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया। 7 सितंबर से 13 सितंबर 2026 तक चले अभियान में कुल 79 व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। इनमें सात आरोपियों पर आर्म्स एक्ट, 71 लोगों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं और एक आरोपी पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई शामिल है।
नॉर्थ जोन के थाना गुढ़ियारी, उरला, खमतराई, पंडरी और खम्हारडीह क्षेत्रों में सप्ताहभर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों की जांच की गई। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से चाकू और अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के साथ अवैध शराब की बिक्री और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की गई।
7 आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान अवैध रूप से चाकू और धारदार हथियार रखने के मामलों में कुल सात आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इनमें गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक, उरला में तीन, पंडरी में एक और खम्हारडीह थाना क्षेत्र में दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि त्योहारी सीजन के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
71 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने संदिग्ध और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस समेत अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की। अभियान में कुल 71 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इनमें गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के 21, उरला के 15, खमतराई के 15, पंडरी के 11 और खम्हारडीह क्षेत्र के नौ व्यक्ति शामिल हैं। इसके अलावा अवैध रूप से शराब का संग्रहण और बिक्री करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। उरला पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।
त्योहारी सीजन में जारी रहेगी सघन चेकिंग
पुलिस के मुताबिक सात दिनों के विशेष अभियान में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कुल 79 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई है। आगामी गणेश उत्सव और अन्य त्योहारों के दौरान भी नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग जारी रहेगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों और सार्वजनिक क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की बात कही गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चाकू या अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने, अवैध शराब की बिक्री करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विशेष अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
Next Story