छत्तीसगढ़

उत्तराधिकार को लेकर दत्तक पिता का दावा खारिज, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण बात कही

jantaserishta.com
11 Jun 2025 12:55 PM IST
उत्तराधिकार को लेकर दत्तक पिता का दावा खारिज, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण बात कही
x
बिलासपुर: अगर किसी अविवाहित लड़की की मौत हो जाती है, तो उसकी चल-अचल संपत्ति पर उसके दत्तक पिता का अधिकार नहीं होगा, चाहे उन्होंने उसे बचपन से पाला-पोसा हो और दस्तावेजों में उनका नाम नामिनी के रूप में भी दर्ज हो। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक मामले में साफ कर दिया है कि ऐसी स्थिति में केवल लड़की की मां ही उसकी कानूनी वारिस मानी जाएगी।
यह मामला रायगढ़ जिले के पुसौर क्षेत्र से जुड़ा है। यहां रहने वाले खितिभूषण पटेल के छोटे भाई पंचराम पटेल पुलिस में कांस्टेबल थे। 1987 में पंचराम की शादी फुलकुमारी पटेल से हुई, जिससे एक बेटी ज्योति पटेल का जन्म हुआ। लेकिन 1993 में पत्नी फुलकुमारी ससुराल छोड़कर चली गई। साल 1999 में पंचराम की सेवा काल में मौत हो गई। इसके बाद बेटी ज्योति अपने दादा के साथ रहने लगी। कुछ समय बाद दादा की भी मृत्यु हो गई। इसके बाद पंचराम के बड़े भाई खितिभूषण ने ज्योति को विधिवत गोद लिया और उसकी पढ़ाई-लिखाई से लेकर हर जिम्मेदारी निभाई। बाद में ज्योति को पिता की जगह अनुकंपा नियुक्ति भी मिली, लेकिन अविवाहित ज्योति का 2014 में निधन हो गया।
ज्योति की सभी बैंक जमा राशि, बीमा पॉलिसी और नौकरी से जुड़ी सुविधाओं में खितिभूषण का नाम नामिनी के तौर पर दर्ज था। बेटी की मौत के बाद उन्होंने सिविल कोर्ट में उत्तराधिकार के लिए आवेदन किया, लेकिन वहां से मामला खारिज हो गया। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में अपील की। हाईकोर्ट के जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए साफ किया कि हिंदू उत्तराधिकार कानून के अनुसार, अविवाहित लड़की की संपत्ति उसकी मां को मिलेगी। भले ही किसी दस्तावेज में दत्तक पिता का नाम नामिनी के रूप में हो, फिर भी संपत्ति का कानूनी बंटवारा उत्तराधिकार कानून के तहत ही होगा।
कोर्ट ने कहा कि चूंकि मृतक अविवाहित थी और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, ऐसे में उसकी मां ही उसकी एकमात्र कानूनी वारिस होगी। दत्तक पिता का कोई अधिकार नहीं बनता। हाईकोर्ट ने सिविल कोर्ट के फैसले को सही ठहराते हुए खितिभूषण पटेल की अपील को खारिज कर दिया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story