छत्तीसगढ़
रायपुर में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का अभियान, 1,162 वाहनों के कटे चालान
Shantanu Roy
27 Nov 2026 11:46 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुव्यवस्थित और बाधारहित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर एवं नगर निगम द्वारा अतिक्रमण और नो-पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 24 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत शहर के नौ प्रमुख मार्गों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले चार दिनों में यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग में खड़े कुल 1,162 वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की है। वहीं, नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क एवं फुटपाथ पर लगाए गए ठेलों, अस्थायी दुकानों, ग्लो साइन बोर्ड और होर्डिंग को हटाया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में राजधानी के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
शुक्रवार 27 नवंबर को नगर निगम की टीम प्रहरी और यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की। यातायात थाना शारदा चौक और टाटीबंध क्षेत्र के अंतर्गत रजबंधा मैदान स्थित नवभारत प्रेस के आसपास तथा गायत्री हॉस्पिटल डीडी नगर से गोल चौक होते हुए रिंग रोड नंबर-1 के रायपुरा चौक तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर लगाए गए ठेलों एवं अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने छह ठेले तथा 15 ग्लो साइन बोर्ड एवं होर्डिंग जब्त किए। कार्रवाई के बाद संबंधित मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई गई।
शहर के नौ प्रमुख मार्गों पर चल रहा अभियान
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अंतर्गत आने वाले सभी यातायात थानों द्वारा 24 नवंबर से नौ प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इनमें शारदा चौक क्षेत्र में फूल चौक से बॉम्बे मार्केट और रजबंधा मैदान तक, कालीबाड़ी क्षेत्र में मालवीय रोड, तेलीबांधा चौक से श्रीराम मंदिर तिराहा तथा स्टेशन चौक से फाफाडीह चौक तक के मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा पंडरी क्षेत्र में मोवा ब्रिज से दलदल सिवनी, भाटागांव चौक से कुशालपुर चौक, रायपुरा चौक से सरोना चौक, संतोषी नगर अंडरब्रिज से पचपेड़ी नाका अंडरब्रिज और भनपुरी चौक से झाबक पेट्रोल पंप तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इन मार्गों पर सड़क किनारे अतिक्रमण और नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
चार दिनों में 1,162 वाहनों पर ई-चालान
राजधानी में नो-पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस ने पिछले चार दिनों में कुल 1,162 वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई की है। अभियान के पहले दिन 24 नवंबर को 329 वाहनों के चालान काटे गए। वहीं, 25 नवंबर को 308, 26 नवंबर को 201 और 27 नवंबर को 324 वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के अनुसार, प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों को नो-पार्किंग मुक्त रखने तथा यातायात बाधित होने से रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई लगातार की जा रही है।
दुकानदारों और ठेला संचालकों को दी समझाइश
अभियान के दौरान ठेला संचालकों, दुकानदारों और वाहन चालकों को सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी गई। व्यवसाय संचालकों को निर्धारित स्थानों पर ही अपना कारोबार संचालित करने के लिए कहा गया है। पुलिस ने बताया कि सड़क पर ठेले लगाने, दुकानों का सामान फैलाने और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने से आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने तथा नो-पार्किंग के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से की सहयोग की अपील
रायपुर यातायात पुलिस ने सभी ठेला संचालकों, दुकानदारों, वाहन चालकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें। वाहन चालकों से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की अपील की गई है। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और राजधानी की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।
Tagsरायपुर यातायात पुलिसअतिक्रमण हटाओ अभियाननो-पार्किंग ई-चालानरायपुर नगर निगमरायपुर पुलिस कमिश्नरेटपुलिस कमिश्नरेटरायपुर पुलिसयातायात पुलिसनगर निगमRaipur Traffic Policeanti-encroachment driveno-parking e-challansRaipur Municipal CorporationRaipur Police CommissioneratePolice CommissionerateRaipur PoliceTraffic PoliceMunicipal Corporation
Next Story





