छत्तीसगढ़
ड्रंक एंड ड्राइव पर कार्रवाई, बाइक और ई-रिक्शा चालकों पर लगा 20 हजार रुपये का जुर्माना
Shantanu Roy
19 Aug 2026 10:59 PM IST

x
छग
Surguja. सरगुजा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में यातायात शाखा सरगुजा ने ड्रंक एंड ड्राइव के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चालक और ई-रिक्शा चालक को न्यायालय द्वारा कुल 20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित कराया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यातायात पुलिस टीम द्वारा लगातार वाहन चेकिंग की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान यातायात शाखा की टीम ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG/15/DB/0613 के चालक को रोककर जांच की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अमरदीप लकड़ा (35 वर्ष), पिता याकूब लकड़ा, निवासी सीतापुर थाना सीतापुर बताया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मोटरसाइकिल चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। इसके बाद मौके पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किया।
इसी प्रकार दूसरे मामले में यातायात पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान ई-रिक्शा क्रमांक CG/15/DY/1512 के चालक को रोककर जांच की। चालक ने अपना नाम सैफ खान (34 वर्ष), पिता लाल मोहम्मद, निवासी दर्रीपारा थाना अंबिकापुर बताया। पुलिस जांच में ई-रिक्शा चालक भी शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
दोनों मामलों में पुलिस ने चालकों के खिलाफ प्रकरण तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने दोनों वाहन चालकों को 10-10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। इस तरह दोनों मामलों में कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता है। नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक का नियंत्रण कम हो जाता है, जिससे स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान को भी खतरा रहता है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सम्पूर्ण कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tagsसरगुजा यातायात पुलिसड्रंक एंड ड्राइव कार्रवाईमोटर व्हीकल एक्टयातायात नियम उल्लंघनछत्तीसगढ़ पुलिससड़क सुरक्षा अभियानशराब पीकर वाहन चलानाअंबिकापुर यातायात खबरवाहन चेकिंगसड़क दुर्घटना रोकथामSurguja Traffic Policedrunk driving enforcementMotor Vehicles Acttraffic rule violationsChhattisgarh Policeroad safety campaigndriving under the influenceAmbikapur traffic newsvehicle checkingroad accident prevention.
Next Story





