छत्तीसगढ़

रायपुर में चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
26 April 2026 11:44 PM IST
रायपुर में चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है, जो सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संतोषी नगर स्थित शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर गली में आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही थाना टिकरापारा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस ने गवाहों लोकेश साहू और ईश्वर साहू की उपस्थिति में आरोपी को चिन्हित किया, जिसकी पहचान सुमन सोनी (38 वर्ष), निवासी शिव मंदिर के पीछे, संतोषी नगर, टिकरापारा के रूप में हुई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसकी कुल लंबाई लगभग 11 इंच, फल की लंबाई 6 इंच और मूठ काले रंग के प्लास्टिक की पाई गई। चाकू को मौके पर ही विधिवत जब्त कर सील किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बना रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सहयोग करने के बजाय आक्रोशित हो गया और गवाहों को धमकाने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर थाना लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी तरह की अवैध हरकत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story