छत्तीसगढ़

वृद्ध महिला के घर लूटपाट और मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
5 Nov 2026 2:29 PM IST
वृद्ध महिला के घर लूटपाट और मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े देवगांव में एक 62 वर्षीय अकेली रह रही वृद्ध महिला के घर में घुसकर मारपीट करने और सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 1 नवंबर 2026 को ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू (62 वर्ष), पति स्वर्गीय धर्मेंद्र साहू, अपने बेटों और बहू के साथ खरसिया थाना पहुंचीं और वारदात की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे जब वह अपने कमरे में सो रही थीं, तब आलमारी खुलने की आवाज से उनकी नींद खुली। उन्होंने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति आलमारी खंगाल रहा था। जब पीड़िता ने आरोपी का विरोध किया और उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसके बाद आरोपी आलमारी और संदूक में रखे 30 हजार रुपये नकद, लगभग 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) और 331(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संदिग्ध के हुलिए से मिला सुराग
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना वाली रात गांव के डेमलाल उरांव के घर ग्राम बोरदी से आया नागेश गवेल नाम का युवक देखा गया था, जिसका हुलिया संदिग्ध लगा। पुलिस ने तुरंत संदेही नागेश कुमार गवेल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। वैज्ञानिक तरीकों से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
उधारी न मिलने पर बनाई लूट की योजना
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से 4,500 रुपये की उधारी मांगने आया था। रुपये नहीं मिलने पर उसने लौटते समय लूटपाट की योजना बनाई। आरोपी को पता था कि रामबाई साहू घर में अकेली रहती हैं और वहां पुट्टी-पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह दीवार व गेट चढ़कर घर के अंदर घुसा। उसने हथौड़ी से आलमारी और संदूक का ताला तोड़ा। महिला के जागने और विरोध करने पर उसने डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और माल समेटकर अपनी बाइक से भाग निकला।
बरामदगी और न्यायिक रिमांड
आरोपी नागेश कुमार गवेल (29 वर्ष), निवासी ग्राम बड़े बोरदी (गाँड़ बोरदी), थाना खरसिया की निशानदेही पर पुलिस ने 3 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और हथौड़ी झाड़ियों से जब्त की। वारदात में इस्तेमाल डिस्कवर मोटरसाइकिल उसके घर से बरामद की गई। शेष 25 हजार रुपये, सोने और चांदी के जेवरात के संबंध में आरोपी ने बताया कि उसने उन्हें नरवा मुक्तिधाम के पास एक पेड़ के नीचे छिपाया था, हालांकि पुलिस की तलाशी में वहां माल बरामद नहीं हो सका। कार्यपालिक दंडाधिकारी खरसिया के समक्ष पीड़िता से आरोपी की पहचान कराने के बाद 4 नवंबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह, एएसपी अनिल सोनी और एसडीओपी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव, उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर धृतांत, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, महेंद्र खरे और आरक्षक विशोष सिंह की मुख्य भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों और महिलाओं-वरिष्ठ नागरिकों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस की ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Next Story