छत्तीसगढ़
कार से कुचलकर युवक की हत्या करने वाले आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर
Shantanu Roy
19 Aug 2026 3:47 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में ऑटो पार्ट्स कारोबारी परमप्रीत सिंह उर्फ परम (35) की कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में आरोपी भरत मंगनानी (32) ने मंगलवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। हत्या की वारदात के बाद आरोपी महाराष्ट्र भाग गया था और वहां छिपकर रह रहा था। पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद आरोपी वकील की पोशाक पहनकर कोर्ट पहुंचा और सीधे सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत से उसे गुरुवार तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या की पूरी घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
यह सनसनीखेज घटना 14 अगस्त को रायपुर स्थित एम्स अस्पताल के सामने हुई थी। पुलिस के अनुसार, मृतक परमप्रीत सिंह की एक 30 वर्षीय युवती से दोस्ती थी और दोनों शादी करने की तैयारी में थे। इसी बीच युवती अपनी मां को लेने के लिए भरत मंगनानी के साथ राजिम जा रही थी। परमप्रीत को युवती का भरत के साथ जाना पसंद नहीं था। घटना वाले दिन परमप्रीत को जब इस बात की जानकारी मिली तो उसने दोनों को फोन कर एम्स अस्पताल के सामने बुलाया। वहां पहुंचने के बाद तीनों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया। दोनों युवकों के बीच जमकर बहस हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
विवाद के बाद भरत अपनी कार लेकर वहां से जाने लगा। इसी दौरान परमप्रीत ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कार से परमप्रीत को टक्कर मार दी। इसके बाद जब परमप्रीत कार पर चढ़ गया तो आरोपी ने उसे बेरहमी से गाड़ी से रौंद दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई और बढ़ते दबाव के बाद आरोपी महाराष्ट्र में ज्यादा समय तक छिप नहीं सका और वापस लौटकर अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी भरत मंगनानी एक इंजीनियरिंग कॉलेज में कैंटीन संचालित करता है। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह, विवाद की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। परमप्रीत सिंह की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





