छत्तीसगढ़

युवती का मोबाइल छीनकर भाग रहा था आरोपी, यातायात जवानों ने पीछा कर दबोचा

Shantanu Roy
3 Oct 2026 10:41 PM IST
युवती का मोबाइल छीनकर भाग रहा था आरोपी, यातायात जवानों ने पीछा कर दबोचा
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में युवती से मोबाइल झपटकर भाग रहे एक आरोपी को यातायात पुलिस के जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया। भीड़भाड़ वाले इलाके में जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की घेराबंदी की और उसके कब्जे से युवती का मोबाइल बरामद कर लिया। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गंज थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। वहीं तस्दीक के बाद बरामद मोबाइल युवती को सुरक्षित वापस लौटा दिया गया। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के यातायात जवान रेलवे स्टेशन क्षेत्र में
यातायात व्यवस्था
और आम लोगों की सुरक्षा के लिए तैनात थे। इसी दौरान यातायात थाना फाफाडीह के आरक्षक क्रमांक 106 शेख जुम्मन और नगर सैनिक क्रमांक 03 मोहसिन खान को रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-01 के पास मोबाइल छीनकर भागने की सूचना मिली।
पुलिस के मुताबिक जवानों को बताया गया कि एक व्यक्ति ने वहां मौजूद एक युवती का मोबाइल जबरदस्ती छीन लिया है और तेजी से भाग रहा है। सूचना मिलते ही दोनों जवान सक्रिय हो गए और आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया। रेलवे स्टेशन के आसपास भीड़ अधिक होने के बावजूद जवानों ने आरोपी पर नजर बनाए रखी। आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहा था। दोनों जवानों ने सूझबूझ से घेराबंदी की और कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से युवती से छीना गया मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए गंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गंज थाने में आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। दूसरी ओर मोबाइल की वास्तविक धारक युवती की पहचान और आवश्यक तस्दीक की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद पुलिस ने बरामद मोबाइल उसे सुरक्षित वापस सौंप दिया। अपना मोबाइल वापस मिलने पर युवती ने राहत जताई और तत्काल कार्रवाई करने वाले यातायात पुलिस के जवानों का आभार व्यक्त किया। वहीं कर्तव्य के दौरान सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करने वाले आरक्षक शेख जुम्मन और नगर सैनिक मोहसिन खान के कार्य की पुलिस अधिकारियों ने भी सराहना की है। पुलिस का कहना है कि यातायात जवानों की जिम्मेदारी केवल सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है। ड्यूटी के दौरान किसी आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर जवान तत्काल कार्रवाई करते हैं। रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में आरोपी को पकड़ने की इस कार्रवाई को भी इसी सतर्कता का परिणाम बताया गया है।
घटना के बाद रायपुर पुलिस ने आम लोगों से भी सार्वजनिक स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील की है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और व्यस्त बाजारों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल फोन, बैग और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा है कि सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर चलते समय मोबाइल फोन में अत्यधिक व्यस्त रहने से बचना चाहिए। आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने से मोबाइल झपटमारी और अन्य वारदातों से बचने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस बूथ, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी, कंट्रोल रूम या डायल 112 को सूचना देने की अपील की गई है।
Next Story