छत्तीसगढ़

मंदिर में दान का झांसा देकर ज्वेलर्स से 4 तोला सोना ले उड़े आरोपी

Shantanu Roy
6 Oct 2026 6:16 PM IST
मंदिर में दान का झांसा देकर ज्वेलर्स से 4 तोला सोना ले उड़े आरोपी
x
छग
Kawardha. कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली क्षेत्र के सराफा लाइन स्थित श्री शिव ज्वेलर्स में दो नकाबपोश व्यक्तियों ने मंदिर में दान करने का झांसा देकर ज्वेलर्स से करीब 4 तोला सोने के गहने ले लिए और फरार हो गए। चोरी गए सोने की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, दो नकाबपोश व्यक्ति श्री शिव ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे। दोनों ने दुकान संचालक को सामने स्थित बजरंगबली मंदिर में दान करने की बात कही। आरोप है कि दोनों ने बातचीत के दौरान दुकानदार को अपने विश्वास में लिया और धार्मिक दान की बात कहकर उसे मंदिर तक ले गए। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने पहले 21 हजार रुपये दान करने की बात कही। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर यह कहा कि दान की राशि को सोने से बांधकर मंदिर में चढ़ाना है। इसी बहाने आरोपियों ने दुकानदार से उसकी सोने की चेन और अंगूठी निकलवा ली।
बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी दुकानदार को वापस उसकी दुकान तक लेकर आए। वहां भी दान और धार्मिक प्रक्रिया का हवाला देकर उससे और सोने के गहने निकलवाए गए। दुकानदार को विश्वास दिलाया गया कि वे बुधवार शाम फिर लौटेंगे और प्रक्रिया पूरी करेंगे। आरोप है कि इसी दौरान दोनों व्यक्ति करीब 4 तोला सोना लेकर मौके से फरार हो गए। काफी देर तक उनके वापस नहीं लौटने के बाद दुकानदार को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान समेत आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान और सराफा लाइन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। आरोपियों की पहचान करने के लिए उनके आने-जाने के रास्तों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों आरोपी पहले से दुकान की रेकी कर रहे थे या उन्होंने मौके पर ही वारदात की योजना बनाई। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसी तरह की ठगी की अन्य घटनाओं में भी इन्हीं आरोपियों का हाथ रहा है।
घटना के बाद सराफा कारोबारियों में भी चिंता का माहौल है। धार्मिक दान के नाम पर इस तरह विश्वास में लेकर लाखों रुपये के गहने ले जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस आसपास के व्यापारिक इलाकों में लगे कैमरों के फुटेज भी देख रही है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है।
Next Story