छत्तीसगढ़
देवपुरी में चाकू लेकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
27 Sept 2026 9:20 PM IST

x
धारदार हथियार जब्त
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत टिकरापारा थाना पुलिस ने चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, थाना टिकरापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवपुरी स्थित काली मंदिर के पास एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की तैयारी की गई।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम रोबिनसन गुड़िया के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया। प्रशिक्षु उप निरीक्षक नागेश्वर साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काली मंदिर के पास देवपुरी क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अनिल विश्वकर्मा उर्फ टिल्लू, पिता रमेश विश्वकर्मा, उम्र 23 वर्ष, निवासी काली मंदिर के पास देवपुरी, थाना टिकरापारा रायपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ। आरोपी से चाकू रखने के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। थाना टिकरापारा में आरोपी अनिल विश्वकर्मा के खिलाफ अपराध क्रमांक 908/2026 दर्ज किया गया है। उसके विरुद्ध धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में हथियार लेकर घूमने और लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है। सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में थाना टिकरापारा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या हथियार लेकर घूमने वाले व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Next Story





