छत्तीसगढ़

तीर-धनुष, लोहे का कत्ता के साथ लोगों को धमका रहा आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई

Nil dhankar
26 July 2026 5:57 PM IST
तीर-धनुष, लोहे का कत्ता के साथ लोगों को धमका रहा आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई
x

रायगढ़। ग्राम बरौनाकुंडा में लोहे का कत्ता और तीर-धनुष लेकर ग्रामीणों में दहशत फैलाने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का कत्ता तथा तीर-धनुष जब्त कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की दोपहर थाना घरघोड़ा में ग्राम बरौनाकुंडा के एक निवासी ने थाना आकर मौखिक सूचना दी कि गांव का विद्याधर अगरिया गली में लोहे का कत्ता और तीर-धनुष लेकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत और असुरक्षा का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। पुलिस जब गवाहों के साथ आरोपी के घर के पास पहुंची तो विद्याधर अगरिया पुलिस को देखकर भी उग्र हो गया और हाथ में हथियार लहराते हुए "जो सामने आएगा उसे मार दूंगा" कहकर पुलिस की ओर बढ़ने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी कर आरोपी को सुरक्षित काबू में लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विद्याधर अगरिया (33 वर्ष), पिता रतिराम अगरिया, निवासी ग्राम बरौनाकुंडा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का कत्ता तथा तीर-धनुष बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना घरघोड़ा में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Next Story