छत्तीसगढ़

शादी का झांसा देकर 14 वर्षीय बालिका को ले जा रहा था ओडिशा, आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
4 Oct 2026 7:08 PM IST
शादी का झांसा देकर 14 वर्षीय बालिका को ले जा रहा था ओडिशा, आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। महिला एवं बच्चों के उत्पीड़न और शोषण से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए रायगढ़ जिले में चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत तमनार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गुम 14 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ ओडिशा की ओर ले जा रहा था। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी को पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को तमनार थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी 14 वर्षीय बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 251/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मोबाइल और सोशल मीडिया से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने पुलिस टीम को तत्काल बालिका की तलाश में लगाया। टीम ने बालिका के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और उसकी करीबी सहेलियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि बालिका की गांव में नल-जल योजना के तहत मजदूरी करने आए नशरूल आलम नाम के युवक से बातचीत होती थी। पुलिस ने नशरूल का मोबाइल नंबर हासिल कर उससे संपर्क किया। आरोप है कि पूछताछ के दौरान वह लगातार गोलमोल जवाब देता रहा। इसी दौरान फोन पर बातचीत करते समय पुलिसकर्मियों को पीछे से ट्रेन की आवाज सुनाई दी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों को मिलाकर आशंका जताई कि आरोपी बालिका को ट्रेन से ओडिशा की ओर लेकर जा रहा है।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
इसके बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ तत्काल रवाना हुए। टीम सड़क मार्ग से टाटानगर पहुंची, लेकिन वहां जानकारी मिली कि आरोपी और बालिका कुछ समय पहले ही आगे निकल चुके हैं। पुलिस ने दोनों की तलाश जारी रखी। इसी दौरान रास्ते में पुलिस को गुम बालिका और संदिग्ध नशरूल आलम दिखाई दिए। पुलिसकर्मी सादी वर्दी में थे। थाना प्रभारी ने उन्हें रुकने के लिए आवाज दी तो नशरूल को पुलिस के पहुंचने का संदेह हो गया और वह भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और काफी दूर तक दौड़ लगाने के बाद आरोपी को पकड़ लिया। बालिका को भी सुरक्षित पुलिस संरक्षण में लिया गया और दोनों को थाना लाया गया।

पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं
पुलिस के अनुसार बालिका के बयान में सामने आया कि उसकी पहचान गांव में काम करने आए नशरूल से हुई थी। आरोप है कि युवक ने उसे शादी का प्रलोभन दिया और उसका शारीरिक शोषण किया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। बालिका को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया। जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 और 65(1) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 भी जोड़ी है। आरोपी की पहचान नशरूल आलम (22), निवासी
मोहम्मदपुर स्कूलटोला
, थाना किशनगंज, जिला किशनगंज, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई को एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव सहित तमनार पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story