
x
छग
Raipur रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुरानी बस्ती पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 42 पाव देशी मदिरा मसाला शराब और बिक्री रकम बरामद की है। जानकारी के अनुसार, डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत पुरानी बस्ती पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि न्यूट्रल सिटी भाठागांव के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शेख नौशाद पिता शेख महफूज (31 वर्ष), निवासी ब्लॉक नंबर 6/15 बी एस.यू.पी. कॉलोनी भाठागांव, थाना पुरानी बस्ती रायपुर बताया।
पुलिस ने आरोपी के पास रखी नीले रंग की बोरी की तलाशी ली, जिसमें 42 पाव देशी मदिरा मसाला शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाव में 180 एमएल शराब थी। कुल शराब की मात्रा 7.560 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4,200 रुपये है। इसके अलावा पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त 400 रुपये नगद भी जब्त किए हैं। पुलिस ने शराब और बिक्री रकम को विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 473/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया।
कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। रायपुर पुलिस ने बताया कि अवैध शराब बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Next Story





