छत्तीसगढ़
नकली होलोग्राम लगाकर शराब तस्करी का सिंडिकेट चला रहे थे आरोपी, गिरफ्तार
Shantanu Roy
25 Sept 2026 4:49 PM IST

x
छग
Mahasamund. महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने नकली होलोग्राम और छत्तीसगढ़ स्टेट के कथित नकली लेबल लगाकर शराब की तस्करी करने वाले संगठित सिंडिकेट का पर्दाफाश करने का दावा किया है। मामले में अब तक 3229.860 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 22 लाख 15 हजार 120 रुपए बताई गई है। शराब, कंटेनर ट्रक, डस्टर और क्रेटा कार समेत जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 50 लाख 30 हजार 120 रुपए आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक मामले की शुरुआत 11 अगस्त 2026 को हुई थी। सरायपाली पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए डस्टर कार क्रमांक CG 04 PS 3481 से 25 पेटी में रखे 1192 पौव्वा गोवा अंग्रेजी शराब बरामद की थी। इसकी कुल मात्रा 214 लीटर 560 मिलीलीटर और कीमत 1 लाख 43 हजार 40 रुपए बताई गई। इस कार्रवाई में राजेश पटेल निवासी भंवरचुंवा, अजित पटेल और अमित पटेल निवासी कुटेला को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। अमित पटेल के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 46 बोतल अंग्रेजी शराब भी जब्त की गई, जिसमें कुल 34 लीटर 500 मिलीलीटर शराब थी।
जांच के दौरान पुलिस ने कंटेनर ट्रक क्रमांक HR-13-X-3220 से 345 पेटी गोवा अंग्रेजी शराब जब्त की। प्रत्येक पेटी में 48 पौव्वे रखे थे। कंटेनर से कुल 2980 लीटर 800 मिलीलीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 19 लाख 87 हजार 200 रुपए बताई गई है। पुलिस का दावा है कि जांच आगे बढ़ने पर इस अवैध शराब कारोबार का नेटवर्क महासमुंद के साथ सारंगढ़, रायगढ़ और जांजगीर क्षेत्र तक फैला होने की जानकारी सामने आई। मामले में रायगढ़ निवासी विनय सिंह ठाकुर को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बाद नकली होलोग्राम, लेबल, बोतल और शराब की सप्लाई से जुड़ी कड़ियों की जांच की गई।
पुलिस के अनुसार अंतरराज्यीय स्तर पर नेटवर्क से जुड़े धीरज आहूजा निवासी फरीदाबाद, हरियाणा को गुरुग्राम क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि धीरज आहूजा नकली होलोग्राम और लेबल लगी शराब की सप्लाई से जुड़ा था। जांच में अन्य राज्यों से जुड़े तस्करी नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी मिलने का दावा किया गया है।
25 सितंबर को मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए आयुष महापात्र, अविनाश पंडा, स्वरूप सिंह सलूजा और राजेश पटेल निवासी पाठसेंदरी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार अवैध शराब की कथित तौर पर खुदरा बिक्री से जुड़े ढाबों और होटलों के संचालकों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
आबकारी विभाग से जांच कराने पर शराब में इस्तेमाल हो रहे होलोग्राम और लेबल के नकली होने की पुष्टि होने का दावा पुलिस ने किया है। इसके बाद प्रकरण में फर्जीवाड़े और संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 264/26 दर्ज किया है। प्रकरण में आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के साथ बीएनएस की धारा 111(2), 338, 336(3) और 340(4) के तहत विवेचना की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक जब्त सामान में 3229.860 लीटर अंग्रेजी शराब, करीब 3 लाख रुपए की डस्टर कार, तीन मोबाइल, करीब 10 लाख रुपए का कंटेनर ट्रक और करीब 15 लाख रुपए की क्रेटा कार शामिल है। सभी को मिलाकर जब्त संपत्ति की कीमत करीब 50.30 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अब शराब के स्रोत, परिवहन के रास्तों, नकली होलोग्राम और लेबल की आपूर्ति तथा सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। नेटवर्क की बाकी कड़ियों तक पहुंचने के लिए मामले की विवेचना जारी है।
Next Story





