छत्तीसगढ़

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, घर से हुई थी लापता, आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
12 Oct 2026 8:49 PM IST
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, घर से हुई थी लापता, आरोपी गिरफ्तार
x
छग
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर 18 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। युवती 29 सितंबर की रात अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर भूपदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की तो युवती का सुराग हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम झरप में मिला। वहां वह एक युवक के साथ मिली। युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराएं जोड़ते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
रात साढ़े 12 बजे घर से गायब मिली युवती
जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को एक महिला ने भूपदेवपुर थाने पहुंचकर अपनी 18 वर्षीय बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने पुलिस को बताया कि 29 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। रात करीब साढ़े 12 बजे जब परिजनों ने देखा तो युवती अपने बिस्तर पर मौजूद नहीं थी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की गई, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों और सहेलियों से पूछताछ में मिला सुराग
शिकायत के आधार पर भूपदेवपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने युवती की मां, परिवार के अन्य सदस्यों और सहेलियों से पूछताछ की। जांच के दौरान जानकारी मिली कि युवती की दोस्ती ग्राम नंदेली, थाना कोतरारोड़ निवासी 23 वर्षीय लाल कुमार विश्वकर्मा से थी। इसके बाद पुलिस ने युवक और युवती की तलाश तेज कर दी।
हसौद के झरप गांव में मिले युवक और युवती
तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि युवक और युवती हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम झरप में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस ने गांव पहुंचकर दोनों का पता लगाया और उन्हें थाने लेकर आई। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से युवती का बयान दर्ज कराया गया।
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप
पुलिस के अनुसार, युवती ने अपने बयान में आरोप लगाया कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। बयान के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 जोड़ी। युवती की सहमति से उसका चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी लाल कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में युवती के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Next Story