छत्तीसगढ़

चोरी के 50 लाख के पार्ट्स खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
1 Sept 2026 11:35 PM IST
चोरी के 50 लाख के पार्ट्स खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Korea. कोरिया। जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डोपारा स्थित टीएमसी कंपनी की झिलमिली साइट के स्टोर में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पटना पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के महंगे पार्ट्स बरामद किए हैं। इससे पहले पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 40 लाख रुपये कीमत के मशीन पार्ट्स जब्त कर चुकी थी। पुलिस के मुताबिक चोरी हुआ पूरा सामान अब
बरामद
कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार 22 अगस्त 2026 की रात करीब 1:34 बजे थाना पटना क्षेत्र के पाण्डोपारा स्थित टीएमसी कंपनी की झिलमिली साइट के स्टोर में चोरी की वारदात हुई थी। चोर स्टोर में रखे एसईसीएल की मशीनों के महंगे पार्ट्स चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पटना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। चोरी की बड़ी वारदात को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस और साइबर सेल की टीम ने आरोपियों की तलाश तेज की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों की पहचान शुरू की।
पहले चार आरोपियों से मिला था 40 लाख का माल
पुलिस ने 27 अगस्त को मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से एसईसीएल की मशीनों के करीब 40 लाख रुपये कीमत के महंगे पार्ट्स जब्त किए गए थे। इसके बाद भी चोरी का करीब 10 लाख रुपये का सामान बरामद होना बाकी था। पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के संबंध में जांच जारी रखी। इसी दौरान चोरी का माल खरीदने वाले एक व्यक्ति के बारे में जानकारी सामने आई।
खरीदार के पास से 10 लाख के पार्ट्स बरामद
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 1 सितंबर 2026 को पुलिस ने आरोपी सुजीत ताम्रकार पिता लालू साव उम्र 52 वर्ष निवासी ग्राम पोंडी पुलिस चौकी पोंडी को तलब कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये कीमत के मशीन पार्ट्स बरामद किए गए। इनमें तांबा, पीतल और कांसे सहित विभिन्न धातुओं से बने महंगे पार्ट्स शामिल हैं। सामान जब्त करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई के साथ चोरी हुए करीब 50 लाख रुपये कीमत के सभी सामान की बरामदगी हो गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की भूमिका की जांच अभी जारी है और उनकी पतासाजी की जा रही है।
पुलिस और साइबर सेल ने मिलकर किया खुलासा
पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले की जांच और आरोपियों तक पहुंचने में पटना थाना पुलिस तथा साइबर सेल की टीम के बीच समन्वय महत्वपूर्ण रहा। चोरी की वारदात के बाद लगातार सुराग जुटाकर कार्रवाई की गई, जिसके चलते चोरी के पूरे माल की बरामदगी संभव हो सकी। कोरिया पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने आम लोगों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि या चोरी के सामान की खरीद-बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी करने वालों के साथ ही चोरी का माल खरीदने और बेचने में शामिल लोगों के खिलाफ भी लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story