छत्तीसगढ़

ईदगाह भाठा मैदान में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
4 Sept 2026 7:11 PM IST
ईदगाह भाठा मैदान में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आजाद चौक थाना पुलिस ने धारदार बटनदार चाकू लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को थाना आजाद चौक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ईदगाह भाठा मैदान के पास एक व्यक्ति अपने पास धारदार बटनदार चाकू रखकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। आरोपी चाकू लहराकर इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा था।
सूचना मिलने के बाद थाना आजाद चौक पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान शेख युसुफ उर्फ नजमुद्दीन (41 वर्ष), निवासी ईदगाह भाठा के सामने रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी से चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी के विरुद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 206/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध हथियार रखने वाले और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। आजाद चौक पुलिस ने इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर समय रहते कार्रवाई कर किसी संभावित घटना को रोकने में सफलता हासिल की। रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा हथियार लेकर घूमने, डराने-धमकाने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में दहशत फैलाने वाले और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।
Next Story