
x
छत्तीसगढ़
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: मोहला थाना क्षेत्र में एक युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम छुरिया वार्ड नंबर-17 निवासी 23 वर्षीय शीतल नेताम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मोहला थाने में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई।
जांच का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल और एसडीओपी नोहर लाल मांडवी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप टोप्पो ने किया। जांच के दौरान सामने आया कि मोहला वार्ड नंबर-3 निवासी सूरज उर्फ सोनू राजपूत (31) मृतका को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, जिससे परेशान होकर युवती ने आत्महत्या कर ली।
मृतका अनुसूचित जनजाति वर्ग से थी, जिसके चलते पुलिस ने मामले में एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) और धारा 108 बीएनएस (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को 25 मई को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
Next Story





