छत्तीसगढ़

रायपुर-भिलाई एनएच 56 में हादसा, युवक की मौत

Nilmani Pal
3 Sep 2023 11:47 AM GMT
रायपुर-भिलाई एनएच 56 में हादसा, युवक की मौत
x
छग

दुर्ग। भिलाई में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने रायपुर-भिलाई एनएच 56 में महिला सहित दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि इसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका इलाज जिला अस्पताल दुर्ग में चल रहा है।

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक गंगा सागर यादव (38) पुत्र जंगली यादव जोन तीन खुर्सीपार में शर्मा आश्रम के पास रहता था। वह रात में गार्ड की ड्यूटी और दिन में कबाड़ बीनने का काम करता था। रविवार दोपहर एक बजे के करीब पावर हाउस चौक दुर्गा धर्म कांटा के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान ट्रेलर ने दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से महिला दूर जा गिरी, जबकि गंगा सागर ट्रेलर के नीचे आ गया।

आसपास मौजूद लोगों ने खुर्सीपार पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी उमेंद कुमार टंडन मौके पर पहुंचे और दोनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने गंगा सागर को मृत घोषित कर दिया। उसका शव मॉर्चुरी में रखवाया गया है। वहीं घायल महिला की हालत गंभीर होने से उसे दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रेलर चालक कोमल वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है।

Next Story