छत्तीसगढ़

प्रशिक्षण में पहुंची महिलाओं से गाली-गलौज, आरोपियों पर केस दर्ज

Nilmani Pal
30 Jun 2022 12:44 PM GMT
प्रशिक्षण में पहुंची महिलाओं से गाली-गलौज, आरोपियों पर केस दर्ज
x

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोसमडीह में महिलाओं के लिए अलग-अलग व्यवसायिक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया था। प्रशिक्षण के दौरान गांव के युवक महिलाओं से गाली-गलौज करने लगे। गांव के सरपंच और उनके साथियों ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनसे भी गाली-गलौज की। साथ ही पंचायत भवन में भी तोड़फोड़ कर दी। सरपंच पति ने इसकी शिकायत मस्तूरी थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

मस्तूरी क्षेत्र के कोसमडीह में रहने वाले सुरेंद्र कुमार सोनी किसान हैं। उनकी पत्नी गांव की सरपंच हैं। ग्राम पंचायत की ओर से गांव की महिलाओं के लिए अलग-अलग व्यवसायिक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। प्रशिक्षण देने के लिए बाहर से चार महिलाएं आई हैं। उनके ठहरने के लिए ग्राम पंचायत भवन में व्यवस्था की गई है। बुधवार की रात गांव के अंकित कुमार और कृषि कुमार पंचायत भवन के पास गाली-गलौज कर रहे थे। महिलाओं ने इसका विरोध किया तो उनसे भी गाली-गलौज की। इस पर महिलाओं ने फोन पर इसकी जानकारी सरपंच पति सुरेंद्र कुमार सोनी को दी। सुरेंद्र अपने साथियों हेमंत खांडे, संतोष बंजारे और सुनील भार्गव के साथ वहां पहुंचे। सरपंच पति और उनके साथियों ने युवकों को समझाइश दी। इस पर युवक उनसे भी गाली-गलौज करने लगे। सरपंच पति ने इसकी जानकारी डायल 112 को दी।

इस पर युवक वहां से भाग निकले। डायल 112 के जवानों ने मौके पर पूछताछ के बाद युवकों की तलाश की। उनके नहीं मिलने पर जवान वहां लौट गए। पुलिस के लौटते ही युवक फिर पंचायत भवन पहुंच गए। उन्होंने पंचायत भवन में लगे पंखे ओर स्कूल की खिड़की तोड़ दी। सरपंच पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित युवकों की तलाश की जा रही है।


Next Story