छत्तीसगढ़

उधारी के 16 हजार रुपये को लेकर व्यापारी से गाली-गलौज और मारपीट

Shantanu Roy
29 Aug 2025 9:15 PM IST
उधारी के 16 हजार रुपये को लेकर व्यापारी से गाली-गलौज और मारपीट
x

सांकेतिक तस्वीर (AI)

छग
Balod. बालोद। जिले में उधारी के पैसों के लेन-देन का मामला मारपीट और गाली-गलौज तक पहुंच गया। बालोद वार्ड क्रमांक 19 शिकारीपारा निवासी एक व्यापारी और उसके पिता के साथ ग्राम सिवनी में मारपीट की गई। व्यापारी का आरोप है कि जब उसने अपने उधारी के पैसे मांगे तो आरोपी भूपेन्द्र सिन्हा ने उसे अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और पिता-पुत्र के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
दुकान से उधारी में लिया था फ्रिज
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि वह रामदेव चौक बालोद में अजय सोनी की दुकान किराये पर लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाता है। दुकान में वह टीवी, फ्रीज, बिजली के सामान और अलमारी बेचता है। करीब 7-8 महीने पहले ग्राम सिवनी निवासी भूपेन्द्र सिन्हा पिता राजू सिन्हा ने उससे 16,000 रुपये का फ्रीज उधारी में खरीदा था। कई महीनों तक पैसे की मांग करने के बावजूद आरोपी रकम नहीं लौटा रहा था। हर बार वह टालमटोल करते हुए कहता था – “आज दूंगा, कल दूंगा।” यहां तक कि जब व्यापारी उसके गांव गया तब भी उसने पैसा नहीं दिया।
पैसे देने के बहाने बुलाकर की मारपीट
घटना 28 अगस्त 2025 की रात की है। पीड़ित व्यापारी के मुताबिक, रात करीब 8:30 बजे आरोपी भूपेन्द्र सिन्हा ने उसे फोन कर फ्रीज के पैसे देने के बहाने अपने गांव सिवनी बुलाया। व्यापारी अपने पिता खेलन सिंह साहू के साथ वहां गया और आरेन्द्र किराना दुकान के पास रात 8:50 बजे खड़ा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और पैसे की बात करने पर गुस्से में गाली-गलौज करने लगा। व्यापारी ने बताया कि भूपेन्द्र ने पहले उसे मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और कहा – “तुम लोग पैसे के लिए परेशान कर रहे हो करके अश्लील गलियां दी। जब व्यापारी ने गाली देने से मना किया तो आरोपी और ज्यादा भड़क गया। उसने न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी बल्कि हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
पिता पर डंडे से वार, दोनों घायल
व्यापारी के पिता खेलन सिंह साहू के पास टिककर चलने वाला डंडा था। आरोपी ने वही डंडा छीनकर उनसे मारपीट की। घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। पीड़ित व्यापारी के बाएं गाल, नाक और बाएं हाथ की कोहनी पर चोटें आईं। हमले के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट बनवाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाए।
Next Story