छत्तीसगढ़

लाखो रुपयों का घोटाला करने वाला फरार पंचायत सचिव गिरफ्तार

Shantanu Roy
16 April 2022 10:33 PM IST
लाखो रुपयों का घोटाला करने वाला फरार पंचायत सचिव गिरफ्तार
x
छग

बिलासपुर। सरकारी मद के पांच लाख 54 हजार 100 रुपये गबन करने वाले आरोपित पंचायत सचिव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जुर्म दर्ज होने के बाद से आरोपित सचिव आठ माह से फरार था। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है। सीपत थाना प्रभारी राजकुमार सोरी ने बताया कि बिल्हा ब्लाक की ग्राम पंचायत मटियारी में उत्तरा कुमार सूर्यवंशी (43) पंचायत सचिव के पद पर पदस्थ था। इस दौरान शासन ने अलग-अलग सरकारी मद से विकास कार्य के लिए पंचायत को राशि उपलब्ध कराई थी।

लेकिन, सचिव उत्तरा कुमार ने राशि आहरण करने के बाद काम नहीं कराया। इसकी शिकायत बिल्हा जनपद सीईओ से की गई। सीईओ ने जांच कमेटी बनाई। जांच में पांच लाख 54 हजार एक सौ रुपये गड़बड़ी करने की पुष्टि हुई। बिल्हा सीईओ ने जांच रिपोर्ट के साथ अपराध दर्ज कराया था। सचिव उत्तर कुमारके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। तब से वह फरार चल रहा था। शनिवार को पता चला कि आरोपित अपने घर पर छिपा है। पुलिस की टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
Next Story